
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||

जशपुर, 20 अप्रैल 2026।
जशपुर जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। हेलमेट की अनिवार्यता को लागू करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वाले 28 शासकीय कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले कर्मचारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 14,000 रुपये का चालान वसूला गया। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी, चाहे वे आम नागरिक हों या शासकीय कर्मचारी।
इस कार्रवाई से पहले जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया गया था। कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में शहर में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई थी, ताकि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके। जागरूकता के बाद अब प्रशासन सख्ती के मोड में आ गया है।
कलेक्टर और पुलिस प्रशासन ने सभी शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों और पुलिस बल के जवानों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि सरकारी तंत्र खुद नियमों का पालन कर आम जनता के लिए उदाहरण प्रस्तुत करे।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान केवल कलेक्ट्रेट परिसर तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों में भी इसी तरह की सघन जांच और कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन और जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर बड़े हादसों से बचा जा सकता है और जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।





|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||