रायगढ़

तेज रफ्तार पिकअप ने ली सब्जी व्यवसायी की जान, चालक मौके से फरार

रायगढ़। रायगढ़- सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सब्जी व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सक्ति जिले के ग्राम चंद्रपुर मांझीपारा वार्ड क्रमांक-6 निवासी शत्रुघन मेहर प्रतिदिन की तरह रविवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG-13-BF-4628 से सब्जियां लेकर रायगढ़ बिक्री के लिए जा रहे थे। जब वे ग्राम रैबार और चिखली के बीच मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी रायगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वाहन क्रमांक CG-06-HD-3685 ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शत्रुघन मेहर मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई, जो चंद्रपुर मांझीपारा निवासी हैं, ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि सूचना मिलने पर वे घटनास्थल पहुंचे, जहां उनके भाई का शव सड़क पर पड़ा मिला। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन मौके पर खड़ा था, लेकिन उसका चालक घटनास्थल से फरार हो चुका था।

लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि पिकअप चालक तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। यदि वाहन सावधानी से चलाया जाता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शत्रुघन मेहर सब्जी बिक्री कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button