शादी से लौटते वक्त पलटी खुशियां… सड़क पर बिछी लाशें, एक और टक्कर ने मचाया कोहराम
मनेन्द्रगढ़ में रफ्तार का कहर, दो अलग-अलग हादसों में 3 की मौत, 4 गंभीर घायल

मनेन्द्रगढ़। एक ही दिन में दो दर्दनाक हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया। जहां एक तरफ शादी की खुशियां लौटते वक्त मातम में बदल गईं, वहीं दूसरी ओर एक तेज रफ्तार वाहन ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में रफ्तार का ऐसा कहर टूटा कि तीन लोगों की जान चली गई और चार लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
पहला हादसा उस वक्त हुआ जब कुछ युवक शादी समारोह से लौट रहे थे। बैकुंठपुर के चेर ग्राम के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। कार के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में चिरमिरी के डोमनहिल निवासी 22 वर्षीय आर्यन सोनवानी और 23 वर्षीय कुलदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया और जिन घरों में कुछ देर पहले खुशियों की तैयारी थी, वहां मातम पसर गया।
दूसरी घटना ग्राम पंचायत परसगढ़ी के पास सामने आई, जहां निर्माण कार्य में लगी एक कंपनी की तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। पूर्व विधायक गुलाब कमरो और कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और कोतवाली थाने में संबंधित कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सड़कों पर यह बेलगाम रफ्तार कब थमेगी, और कितने घरों के उजड़ने के बाद जिम्मेदार जागेंगे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






