Raigarh News: केवड़ाबाड़ी यात्री प्रतीक्षालय में चला विशेष स्वच्छता अभियान, अतिक्रमण पर कार्रवाई, 7 दुकानदारों पर 5500 रुपए का जुर्माना 

रायगढ़ September 19, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: केवड़ाबाड़ी यात्री प्रतीक्षालय में चला विशेष स्वच्छता अभियान, अतिक्रमण पर कार्रवाई, 7 दुकानदारों पर 5500 रुपए का जुर्माना 

Raigarh News: केवड़ाबाड़ी यात्री प्रतीक्षालय में चला विशेष स्वच्छता अभियान, अतिक्रमण पर कार्रवाई, 7 दुकानदारों पर 5500 रुपए का जुर्माना 

रायगढ़, 19 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तीसरे दिन नगर निगम की टीम द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सक्शन कम जेटिंग मशीन के जरिए प्रेशर वॉशिंग कर प्रतीक्षालय और आसपास के परिसर की गहन सफाई की गई। सफाई के दौरान ब्लीचिंग पाउडर और सर्फ़ सहित आवश्यक सामग्री का भी उपयोग किया गया।

नगर निगम की टीम ने यात्री प्रतीक्षालय के फर्श, कोनों और ऐसे स्थानों की विशेष सफाई की, जहां सामान्य सफाई के दौरान गंदगी जमा हो जाती है। मशीन के माध्यम से प्रेशर पानी से सफाई किए जाने से परिसर की गंदगी को प्रभावी ढंग से हटाया गया। इस दौरान दीवार पर चिपके पुराने पोस्टर पंपलेट आदि को भी हटाते हुए दीवार की भी धुलाई की गई। अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने प्रतीक्षालय के साथ आसपास के हिस्सों की भी सफाई की।
अभियान में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति श्री डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण , निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।

सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर निगम का जोर
सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर विशेष ध्यान दे रहा है। बस स्टैंड और यात्री प्रतीक्षालय जैसे स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में इन स्थानों की नियमित सफाई के साथ समय-समय पर मशीनों के जरिए गहन सफाई की जा रही है।
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थलों की सफाई बेहद जरूरी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम की टीम लगातार सफाई कार्य कर रही है, लेकिन अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। नागरिक सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने शहर वासियों को इस अभियान में बड़ी संख्या में जुड़ने की अपील की।

सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मशीनों के माध्यम से की जा रही सफाई से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करें और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में अपनी भूमिका निभाएं।

एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी जरूरी है। बस स्टैंड और यात्री प्रतीक्षालय जैसे स्थानों का उपयोग बड़ी संख्या में लोग करते हैं। ऐसे में यहां स्वच्छता बनाए रखना निगम के साथ नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।

आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर विशेष सफाई कराई जा रही है। केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय में सक्शन कम जेटिंग मशीन से प्रेशर वॉशिंग कर सफाई की गई। आवश्यकता के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर और सर्फ़ सहित अन्य सामग्री का भी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आगे भी सार्वजनिक स्थलों की मशीनों से विशेष सफाई कराई जाएगी।
निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा इधर-उधर न फेंकें, डस्टबिन का उपयोग करें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें। स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के निर्माण के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।

अतिक्रमण पर कार्रवाई, 5500 रुपए का जुर्माना
केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड परिसर में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अतिरिक्त शेड लगाकर जगह घेरने, प्रतिष्ठानों के बाहर सामान का अवैध रूप से प्रदर्शन करने तथा दुकानों के सामने निर्धारित सीमा से बाहर कब्जा करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। अतिक्रमण करने वाले सात दुकानदारों के खिलाफ चालान काटे गए और निगम की टीम ने मौके पर ही कुल 5500 रुपए का जुर्माना वसूल किया। इस थेरे ओं दुकान के सामने लगाए गए स्लिप को भी जेसीबी के माध्यम से उखाड़े गए इसी तरह बाएं और आखिरी तरफ के दो दुकानों के अतिरिक्त शेड निर्माण को जेसीबी से तोड़ा गया।
निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को बस स्टैंड परिसर में सार्वजनिक आवागमन को बाधित करने वाला सामान या अतिरिक्त शेड निर्धारित सीमा से बाहर नहीं रखने की सख्त हिदायत दी गईं। दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

खबर शेयर करें: