कबीरधाम के 9 सरकारी स्कूलों में शुरू हुई स्मार्ट क्लास
कबीरधाम के 9 सरकारी स्कूलों में शुरू हुई स्मार्ट क्लास
कबीरधाम। जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के 9 शासकीय स्कूल अब डिजिटल तकनीक से लैस हो गए हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को इन स्कूलों में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया। स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर और प्रोजेक्टर की सुविधा मिलने से छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने कहा कि अब पढ़ाई पहले से अधिक रोचक, इंटरएक्टिव और समझने में आसान हो जाएगी।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा में नई तकनीक का समावेश बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास से बच्चों की सीखने की क्षमता और समझ में बढ़ोतरी होगी। पढ़ाई को सरल और दृश्यात्मक बनाने के लिए स्कूलों में वीडियो, एनिमेशन और इंटरएक्टिव कंटेंट का उपयोग किया जाएगा, जिससे बच्चों की समस्या-समाधान और विश्लेषणात्मक क्षमता भी मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि भविष्य में जिले के और अधिक स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद थे। बच्चों ने इस पहल को लेकर खुशी जाहिर की और कहा कि स्मार्ट क्लास से पढ़ाई मनोरंजक और ज्ञानवर्धक होगी। शिक्षक वर्ग ने भी इसे शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने वाला और आधुनिक शिक्षा प्रणाली को मजबूत करने वाला कदम बताया।
उपमुख्यमंत्री ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें और बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ाकर शिक्षा को आधुनिक बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इस पहल से कबीरधाम जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।