खेत में गिरा बीमार हाथी शावक, वन विभाग ने शुरू कराया इलाज
खेत में गिरा बीमार हाथी शावक, वन विभाग ने शुरू कराया इलाज
छाल वन परिक्षेत्र के बनहर गांव के पास मिला करीब 6 साल का शावक, ट्रैकर्स की सूचना पर पहुंची टीम; उपचार के बाद हालत में सुधार
रायगढ़। धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल वन परिक्षेत्र में एक बीमार हाथी शावक खेत में गिर पड़ा। करीब 6 साल का यह शावक काफी देर तक उठ नहीं सका। हाथी ट्रैकर्स को उसकी स्थिति पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थानीय पशु चिकित्सक की मदद से उसका उपचार शुरू कराया। इलाज के बाद शावक की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सिंघीझाप से बनहर गांव तक पहुंचा शावक
जानकारी के मुताबिक, हाथी शावक गुरुवार को सिंघीझाप गांव के पास दिखाई दिया था। इस दौरान उसने एक कार को मामूली नुकसान भी पहुंचाया। रात में विचरण करते हुए वह बनहर गांव के नजदीक पहुंच गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने उसे खेत में सोया हुआ देखा।
काफी देर तक नहीं उठा, ट्रैकर्स को हुआ शक
हाथी ट्रैकर्स लगातार शावक की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। जब काफी देर तक वह अपनी जगह से नहीं उठा, तो ट्रैकर्स को उसकी तबीयत खराब होने का संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एसडीओ, रेंजर और अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। जांच में शावक के बीमार होने और उठने की स्थिति में नहीं होने की जानकारी सामने आई।
स्थानीय पशु चिकित्सक की मदद से उपचार
वन विभाग के अधिकारियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों को सूचना दी और स्थानीय पशु चिकित्सक की मदद से शावक का इलाज शुरू कराया। बिलासपुर वृत्त के सीसीएफ मनोज पांडे के मुताबिक, उपचार के बाद शावक की हालत में सुधार हुआ है।
धरमजयगढ़ के एसडीओ एसडी दीवान ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सक भी मौके पर पहुंच रहे हैं। करीब 6 साल का यह हाथी शावक अकेले विचरण कर रहा है। फिलहाल उसका उपचार जारी है। वन विभाग की टीम इलाज के बाद भी उसकी लगातार निगरानी करेगी।
