सूजी, बेसन या गेहूं, किस चीज का हलवा बनाना है आसान, कौन है स्वाद का राजा, यहां से नोट कर लें रेसिपी

Halwa Recipe: हलवा का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। घरों में कई अलग अलग प्रकार का हलवा बनाया जाता है। इनमें सबसे कॉमन है सूजी का हलवा, बेसन का हलवा, आटा का हलवा लेकिन क्या कभी आपने गेहूं हलवा का स्वाद चखा है। ये सभी प्रकार का हलवा खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है। इन तीनों को बनाने का तरीका भी अलग है। इन तीनों तरह के हलवा को आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है। ऐसे में यहां हम सूजी, बेसन और गेहूं हलवा की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। यहां से नोट करें रेसिपी।
सूजी का हलवा
सबसे पहले एक बर्तन में पानी और चीनी को उबाल लें ताकि चीनी घुल जाए। अब कढ़ाई में घी गरम करें और सूजी को धीमी से मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब भुनी हुई सूजी में धीरे-धीरे चीनी का गर्म पानी डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गांठें न पड़ें। थोड़ी देर भूनने के बाद आंच धीमी करें, इलायची पाउडर और मेवे डालें। जब हलवा गाढ़ा हो जाए और कढ़ाई के किनारे छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें। ऊपर से ड्राई फ्रूट्स गार्निश कर सर्व करें।
बेसन का हलवा
इसे बनाना भी बेहद आसान है। बेसन का हलवा बनाने के लिए कढ़ाई में घी गरम करें और बेसन डालें। बेसन को बिल्कुल धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब बेसन घी छोड़ने लगे और पूरे घर में सोंधी खुशबू आने लगे, तब समझें यह भुन गया है। अब इसमें धीरे-धीरे गुनगुना दूध या पानी डालें और तेजी से चलाएं ताकि गुठलियां न बनें। जब बेसन पानी सोख ले, तब इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालें। चीनी घुलने तक इसे पकाएं। जब बन जाए तो ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करके इसे सर्व करें।
गेहूं का हलवा
गेहूं का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले साबुत गेहूं को रातभर पानी में भिगोकर छोड़ दें। फिर सुबह इसे पानी से निकालें और मिक्सर में डालकर एक गाढ़ा पेस्ट जैसा पीस लें। इसमें आधा पानी जरूर डालें ताकि ये एकदम बारीक पीसे। इसके बाद इसे छलनी की मदद से छान लें। इसके बाद एक कढ़ाई लें और उसमें एक चम्मच घी डालें और इसके बाद चीनी डालें। जब चीनी पिघलने लगे तब इसमें आधा गिलास पानी डालकर इसकी चाशनी तैयार कर लें। अब एक दूसरी कढ़ाई को गर्म करें, फिर इसमें 2 चम्मच घी डालें और इसमें सारे ड्राई फ्रूट्स को फ्राई कर लें। इसे भुनने के बाद एक प्लेट में निकालें। अब तैयार चाशनी को फिर से गैस पर चढ़ाएं और इसे गर्म करें। जब ये गर्म हो जाए को इसमें गेहूं का तैयार पेस्ट डालें। हलवे को लगातार चलाते रहें ताकि इसमें कोई गांठें न पड़ें। इसे तब तक भुनें जब तक इससे सुनहरी खुशबू न आने लगे। जब ये भुन जाए तो इसमें इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डालें। फिर सर्व करें और इसका आनंद उठाएं।
किसे बनाना आसान और कौन है स्वाद का राजा
सूजी का हलवा बनाना बेहद आसान है। ये हलवा हर कोई बना सकता है। इसके अलावा सूजी का हलवा स्वाद का राजा है क्योंकि इसे बनाना बेहद आसान है और ये हर किसी को पसंद आता है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






