कोरबा में सुरक्षाकर्मी ने मचाया उत्पात, 18 गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कोरबा में सुरक्षाकर्मी ने मचाया उत्पात, 18 गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। जिले में शुक्रवार रात मारपीट और तोड़फोड़ की दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस को अलर्ट कर दिया। पहली घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र की है, जहां एक युवक ने मुड़ापार शारदा विहार स्थित वैभव होम्स परिसर में घुसकर एक ही रात में 18 गाड़ियों के शीशे चकनाचूर कर दिए। दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई, जहां स्कूली छात्रों के दो गुटों के बीच सड़क पर ही मारपीट हो गई। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के पहुंचते ही सभी नाबालिग लड़के मौके से फरार हो गए।
रात डेढ़ बजे रॉड लेकर कॉलोनी में घुसा आरोपी
29 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे कॉलोनी के निवासियों ने एक युवक को रॉड के साथ परिसर में घूमते देखा, जो एक-एक कर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ता जा रहा था। आवाज सुनकर जब लोग बाहर निकले, तो आरोपी पीछे के द्वार से भाग निकला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सुबह फिर से कॉलोनी में आया और उत्पात मचाने की कोशिश की, लेकिन निवासियों को देखकर तुरंत फरार हो गया। वैभव होम्स के अध्यक्ष संदीप पांडे ने घटना की शिकायत रात में ही मानिकपुर पुलिस से की और सख्त कार्रवाई की मांग की।
एसईसीएल का सुरक्षाकर्मी निकला आरोपी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान दीपू भारती के रूप में हुई है, जो एसईसीएल में सुरक्षाकर्मी के पद पर पदस्थ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीपी नगर और उसके आसपास भी तोड़फोड़ की है।
मानिकपुर चौकी में पदस्थ एएसआई अमर जायसवाल ने बताया कि दीपू भारती कुछ साल पहले चिरमिरी क्षेत्र से कोरबा स्थानांतरित हुआ था और इस समय दादर में किराए के मकान में रहता है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छात्रों की सड़क पर मारपीट का वीडियो वायरल
इसी बीच सिविल लाइन क्षेत्र में स्कूली छात्रों के दो गुटों में सड़क पर मारपीट की घटना सामने आई। सभी बच्चे नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस के पहुंचते ही सभी फरार हो गए। मामले की जांच जारी है।