नाली में फंसी स्कॉर्पियो तो खुल गया 5 क्विंटल गांजे का राज! मोहल्लेवासियों ने पकड़ी तस्करी, ड्राइवर फरार

Uncategorized August 25, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
नाली में फंसी स्कॉर्पियो तो खुल गया 5 क्विंटल गांजे का राज! मोहल्लेवासियों ने पकड़ी तस्करी, ड्राइवर फरार

नाली में फंसी स्कॉर्पियो तो खुल गया 5 क्विंटल गांजे का राज! मोहल्लेवासियों ने पकड़ी तस्करी, ड्राइवर फरार

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक स्कॉर्पियो नाली में फंसी और उसकी तलाशी के बाद अंदर छिपा करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद हो गया। खास बात यह रही कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मोहल्लेवासियों ने संदिग्ध कार की तलाशी लेकर गांजे का पता लगा लिया।

पूरा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

नाली में फंसी स्कॉर्पियो और खुल गया राज

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह महासमुंद पासिंग की एक सफेद स्कॉर्पियो (CG 06 HE 9900) मोहल्ले की नाली में फंस गई। कार के फंसने के बाद ड्राइवर घबरा गया।

ड्राइवर की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर भारी मात्रा में गांजा मिला।

गांजे की मात्रा करीब 5 क्विंटल बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच की।

पुलिस ने कार के साथ गांजा भी जब्त कर लिया है। वहीं, स्कॉर्पियो का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

आखिर कहां से आया इतना गांजा?

इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि करीब 5 क्विंटल गांजा आखिर राजधानी रायपुर तक कैसे पहुंच गया?

इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की खेप लेकर स्कॉर्पियो राजधानी तक पहुंची, लेकिन रास्ते में क्या कहीं इसकी चेकिंग नहीं हुई? गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे रायपुर में कहां पहुंचाया जाना था? इन सवालों के जवाब अब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे।

तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की चुनौती

पुलिस अब जब्त गांजे के स्रोत और उसके संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है। फरार ड्राइवर की गिरफ्तारी के बाद ही इस पूरी खेप से जुड़े तस्करी नेटवर्क और अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

वहीं, राजधानी में इतनी बड़ी मात्रा में गांजा पहुंचने की घटना ने नशे की तस्करी और चेकिंग व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबर शेयर करें: