छत्तीसगढ़

गैस संकट के बीच बड़ा राहत ऐलान… अब छात्रों को मिलेगा छोटा सिलेंडर, लेकिन ये नियम नहीं माने तो नहीं मिलेगा

रायपुर प्रशासन का सख्त फैसला, आधार और निवास प्रमाण पत्र जरूरी… वितरण में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई


रायपुर। रायपुर में एलपीजी गैस संकट के बीच प्रशासन ने छात्रों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। अब जिले में रहने वाले विद्यार्थियों को 5 किलो का छोटा गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनकी रोजमर्रा की जरूरतों में कोई परेशानी न हो।

यह फैसला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर लिया गया है। कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने एलपीजी गैस वितरकों के साथ व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में गैस आपूर्ति, वितरण और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर चर्चा की गई।

अपर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में निवासरत छात्रों को आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र दिखाने पर 5 किलो का सिलेंडर दिया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और वितरण नियमानुसार किया जा रहा है।

प्रशासन ने सख्त चेतावनी भी दी है कि वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति एजेंसी में नियमों के खिलाफ सिलेंडर लेने की कोशिश करता है या डिलीवरी मैन से दुर्व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि एम्स, मेकाहारा, वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम और अन्य जरूरी संस्थानों में गैस की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी। वहीं ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल के बाद ही अगली बुकिंग की जा सकेगी।

इसके अलावा फिलहाल नए गैस कनेक्शन और सिंगल-डबल कनेक्शन पर रोक लगा दी गई है। इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सभी को नियमानुसार गैस सिलेंडर दिया जाएगा।







प्रशासन के इस फैसले से जहां छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं सख्त नियमों ने यह साफ कर दिया है कि अब गैस वितरण में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button