रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय जलवा, भारत को दिलाया कांस्य, कलेक्टर ने कहा-जिले के लिए गौरव की बात, खिलाड़ियों को दी बधाई

रायगढ़ September 2, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय जलवा, भारत को दिलाया कांस्य, कलेक्टर ने कहा-जिले के लिए गौरव की बात, खिलाड़ियों को दी बधाई

रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय जलवा, भारत को दिलाया कांस्य, कलेक्टर ने कहा-जिले के लिए गौरव की बात, खिलाड़ियों को दी बधाई

 

वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सहयोग से सोनम-शांति-मानसी की शानदार उपलब्धि

रायगढ़, 2 सितम्बर 2026/ छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सहयोग से रायगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को पराजित कर कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय टीम की इस उपलब्धि में रायगढ़ जिले के महलोई क्षेत्र की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टर  मयंक चतुर्वेदी से मिलने कलेक्टोरेट पहुंचीं। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी हरसंभव सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे एवं एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो उपस्थित थे।

कोच देवावतार चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने बेहतरीन खेल कौशल और जुझारू प्रदर्शन का परिचय दिया। सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले में टीम ने शानदार जीत दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी एवं जिला प्रशासन से लगातार सहयोग और प्रोत्साहन मिला है। खिलाड़ियों एवं कोच ने भी इस सहयोग के लिए वित्त मंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

खबर शेयर करें: