
मौके पर नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच जांच में जुटी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्टेशन रोड स्थित सिद्धिविनायक होटल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने होटल की तीसरी मंजिल की छत से छलांग लगा दी।वह होटल बिल्डिंग के पास स्थित जीआरपी के एसपी ऑफिस की छत पर गिरी ।नीचे गिरते ही युवती की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान रायगढ़ निवासी हनी गुप्ता के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से लापता बताई जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका हनी गुप्ता (पिता दीपक गुप्ता), निवासी चिरंजीवदास नगर, कोहाकुंडा (रायगढ़) की रहने वाली थी और पिछले कुछ वर्षों से रायपुर में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी।
गायब होने के बाद होटल में मिली लोकेशन
जांच में यह बात सामने आई है कि युवती पिछले कुछ दिनों से अपने अस्थायी निवास (हॉस्टल/पीजी) से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर विधानसभा थाने में उसकी गुमशुदगी (गुम इंसान) की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि इस बीच वह स्टेशन रोड स्थित सिद्धिविनायक होटल में रुकी हुई पाई गई, जहां आज उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
जांच के घेरे में खुदकुशी के कारण
घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों पर रहस्य बना हुआ है।
गंज थाना पुलिस के मुताबिक, “मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती होटल में कब से रुकी थी और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया, इसकी हर एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






