रायगढ़

रायगढ़ पुलिस की अनूठी पहल, महिला पुलिसकर्मियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला आयोजित

स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक कार्यस्थल को लेकर महिला पुलिसकर्मियों को किया गया जागरूक

मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां एवं पर्यावरण-अनुकूल सेनेटरी अपशिष्ट प्रबंधन की दी गई जानकारी

 “स्वस्थ महिला पुलिसकर्मी ही बेहतर सेवा और सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला हैं।” — एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह

28 जून, रायगढ़ । महिला पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, सम्मान और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में आज पुलिस लाइन उर्दना में जिला पुलिस रायगढ़ एवं “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था के संयुक्त तत्वावधान में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management – MHM) विषय पर विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, सुरक्षित एवं सम्मानजनक स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण-अनुकूल सेनेटरी अपशिष्ट निस्तारण की जानकारी प्रदान करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात जिला स्वच्छता मिशन की नोडल अधिकारी सुश्री मोनिका इजारदार ने मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को दैनिक जीवन एवं कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली स्वच्छ आदतों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।



















इस अवसर पर डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर ने महिला पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के साथ-साथ कार्यस्थल पर गरिमा बनाए रखने, सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग, रखरखाव तथा पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही बेहतर कार्यक्षमता और आत्मविश्वास की आधारशिला है।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिला पुलिसकर्मियों ने मासिक धर्म स्वच्छता, सम्मान और जागरूकता को समाज तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यशाला में “आगाज़ – एक नई पहल” संस्था की फाउंडर सुश्री मोनिका इजारदार, जय कुमार चौहान, प्रकाश जायसवाल, राजेन्द्र साहू, निशि चंदेल सहित शहर एवं जिले के विभिन्न थानों से उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की।

👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश —

“महिला पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण हमारी प्राथमिकता है। जागरूकता, वैज्ञानिक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन से ही वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन कर समाज की सेवा और अधिक सशक्त रूप से कर सकती हैं।”



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button