Raigarh News: मुख्य मार्ग पर दो पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज के वायरल वीडियो पर रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन

रायगढ़ September 22, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: मुख्य मार्ग पर दो पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज के वायरल वीडियो पर रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन

Raigarh News: मुख्य मार्ग पर दो पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज के वायरल वीडियो पर रायगढ़ पुलिस का सख्त एक्शन

 लोक शांति भंग करने वाले 7 नामजद आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत अपराध दर्ज

 रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर की कार्रवाई

रायगढ़, 22 सितंबर । रायगढ़ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने वाली घटनाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस की मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने दिनांक 20 सितंबर 2026 की रात्रि करीब 21:00 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर मारपीट एवं गाली-गलौज की घटना से संबंधित प्रसारित वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया। प्रसारित वीडियो में कुछ व्यक्ति मुख्य मार्ग पर रूपाली गारमेंट्स के संचालक साहिल अंबानी के साथ गाली-गलौज एवं हाथ-मुक्कों से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया, फेसबुक एवं विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ग्रुपों में तेजी से प्रसारित होने से आमजन के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं एवं अफवाहें फैलने तथा लोक शांति भंग होने की स्थिति निर्मित हो रही थी।

थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने वीडियो को सुरक्षित कर उसमें दिखाई दे रहे व्यक्तियों की पहचान की गई। वीडियो के आधार पर बाबू, अनिल डालमिया, विक्की डालमिया, गोल्डी अंबानी, अन्नु डालमिया, हैप्पी डालमिया, विपिन मिश्रा एवं अन्य द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर गाली-गलौज एवं मारपीट कर लोक शांति भंग करने की स्थिति उत्पन्न करना पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 533/2026, धारा 194 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित वीडियो एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को संकलित कर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था एवं लोक शांति भंग करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित ऐसी घटनाओं का भी नियमानुसार संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 एसएसपी  शशि मोहन सिंह का संदेश

“सार्वजनिक स्थान पर कानून-व्यवस्था एवं लोक शांति भंग करने वाली किसी भी हरकत को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से ले रही है। सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने वाले वीडियो की लगातार निगरानी की जा रही है। सार्वजनिक मार्ग पर गाली-गलौज, मारपीट अथवा उपद्रव कर आमजन के बीच भय एवं अशांति का वातावरण निर्मित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”

खबर शेयर करें: