Raigarh News: रायगढ़ में छात्र पर चाकू से हमला, पसली के पास आई चोट, आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस 

रायगढ़ March 19, 2025 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: रायगढ़ में छात्र पर चाकू से हमला, पसली के पास आई चोट, आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस 

फाइल फोटो

 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बाइक सवार 4 लोगों ने मिलकर एक युवक से गाली-गलौज की, फिर चाकू से उस पर हमला कर दिया। जिससे वो जख्मी हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कोसमनारा कोतरा रोड निवासी रूद्रप्रताप सिंह (20) कॉमर्स का छात्र है। मंगलवार की रात करीब 8 बजे वो अपने दोस्त सिद्धांत बाजपेयी, चिराग उपाध्याय के साथ रामलीला मैदान में बातचीत करते हुए बैठा था। इसके बाद मोबाइल पर वे गेम खेलने लगे। इसी दौरान 2 बाइक पर सवार होकर 4 युवक आए और बिना कारण ही गाली-गलौज करने लगे। ऐसे में रूद्र ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो उसमें से एक युवक ने अपने पास रखे चाकू से उस पर वार कर दिया। इससे रूद्र के पसली के पास चोट आई है।

घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से गौशाला रोड की ओर भाग निकले। इसके बाद घायल ने तत्काल मामले की सूचना कोतवाली थाना में दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 118(2)-बीएनएस, 296-बीएनएस, 3(5)-बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

खबर शेयर करें: