Raigarh news: तेज रफ्तार कैंपर की बाइक को टक्कर, पति-पत्नी गंभीर; महिला रायपुर रेफर, चालक फरार
Raigarh news: तेज रफ्तार कैंपर की बाइक को टक्कर, पति-पत्नी गंभीर; महिला रायपुर रेफर, चालक फरार
रायगढ़ टॉप न्यूज 20 अक्टूबर। कैंपर वाहन ने बाइक को मारी टक्कर:पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल, महिला के सिर में आई चोट रायपुर रेफर, ड्राइवर फरार
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे रायपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद कैंपर ड्राइवर वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मजदूरी के पैसे लेने प्लांट जा रहे थे पति-पत्नी
जानकारी के अनुसार, लैलूंगा निवासी लक्ष्मी मांझी (27) अग्रोहा प्लांट पाली में मजदूरी करता है। वह अपनी पत्नी लक्ष्मी बाई को बाइक पर बैठाकर प्लांट में मजदूरी के पैसे लेने जा रहा था।
इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे जब वे पूंजीपथरा के जिंदल चौक से आगे जंगल के पास पहुंचे, तो सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बोलेरो कैंपर के ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर से दूर गिरे पति-पत्नी, बाइक भी क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी बाइक समेत दूर जा गिरे। हादसे में लक्ष्मी मांझी के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि उसकी पत्नी लक्ष्मी बाई के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई। दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जवान मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत में महिला को रायपुर रेफर किया
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों ने लक्ष्मी बाई की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे राजेंद्र नगर स्थित श्री शंकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घायल लक्ष्मी मांझी का भी इलाज कराया गया।
कैंपर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज
घटना के बाद लक्ष्मी मांझी ने पूंजीपथरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बोलेरो कैंपर ड्राइवर के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(a) व 281 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार ड्राइवर की पहचान और तलाश की जा रही है।