Raigarh News: पुलिस की तत्परता से बची एक जान, पेड़ पर चढ़े व्यक्ति को डॉयल 112 स्टाफ ने सुरक्षित उतारा

रायगढ़ November 11, 2024 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: पुलिस की तत्परता से बची एक जान, पेड़ पर चढ़े व्यक्ति को डॉयल 112 स्टाफ ने सुरक्षित उतारा

Raigarh News: पुलिस की तत्परता से बची एक जान, पेड़ पर चढ़े व्यक्ति को डॉयल 112 स्टाफ ने सुरक्षित उतारा

 

रायगढ़। आज सुबह करीब 8:00 बजे चक्रधरनगर थाने के डायल 112 को एक आत्महत्या प्रयास की सूचना (इंवेट) मिली, जिसमें बताया गया कि ग्राम गोपालपुर में एक व्यक्ति फांसी लगाने की कोशिश में पेड़ पर चढ़ा हुआ है। सूचना मिलते ही डायल 112 के आरक्षक शैलेंद्र पैंकरा और वाहन चालक विशाल आवड़े तुरंत गोपालपुर मिडिल स्कूल के पास पहुंचे, जहां बरगद के पेड़ पर गांव का 56 वर्षीय हरिशंकर सिदार चढ़ा हुआ मिला।

स्थानीय सरपंच ने पुलिस को जानकारी दी कि हरिशंकर का पत्नी और बच्चों से पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसके चलते उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई है। इस विवाद के बाद हरिशंकर आज सुबह रस्सी लेकर पेड़ पर फांसी लगाने की मंशा से चढ़ गया और किसी के रोकने पर गाली-गलौच करने लगा। स्थिति को देखते हुए आरक्षक शैलेंद्र ने थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव को सूचित किया। थाना प्रभारी के निर्देश पर सीढ़ी और बस की व्यवस्था की गई, जिससे हरिशंकर को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।

इस अभियान में ग्रामीणों की सहायता से हरिशंकर को शांत किया गया और पुलिस उसे थाने लेकर आई, जहां उचित समझाइश के बाद उसे परिवार के साथ घर भेज दिया गया। इस पूरी घटना में आरक्षक शैलेंद्र पैंकरा और ईआरवी वाहन चालक विशाल आवड़े की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने सूझबूझ से हरिशंकर की जान बचाई।

खबर शेयर करें: