रायगढ़ में मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म का प्रयास करने के बाद महिला पर ईंट से किया हमला, 10 माह की बच्ची की भी हत्या

रायगढ़ August 7, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ में मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म का प्रयास करने के बाद महिला पर ईंट से किया हमला, 10 माह की बच्ची की भी हत्या

रायगढ़ में मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म का प्रयास करने के बाद महिला पर ईंट से किया हमला, 10 माह की बच्ची की भी हत्या

 

रायगढ़, 6 अगस्त 2026। लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में 35 वर्षीय महिला और उसकी 10 माह की मासूम बेटी की निर्मम हत्या के मामले का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 65 वर्षीय आरोपी भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

घटना 16 जुलाई 2026 की है। ग्राम छापरपानी में एक महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी 35 वर्षीय मौसेरी बहन अपने 10 माह की बच्ची के साथ प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में रह रही थी। महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार के निशान थे। उपचार के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया।

सुनसान इलाके में वारदात, नहीं मिला था कोई प्रत्यक्षदर्शी

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, लैलूंगा पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 230/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटनास्थल सुनसान होने और कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिलने के कारण पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना बड़ी चुनौती थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने गांव में कैंप लगाकर लगातार ग्रामीणों से पूछताछ की और जानकारी जुटाई।

मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस को ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी (65) के संबंध में अहम जानकारी मिली। संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की गई। उसके हाथ में चोट के निशान भी मिले थे, हालांकि उसने शुरुआत में घटना में शामिल होने से इनकार किया।

पुलिस ने वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर महिला पर ईंट से हमला

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 15 जुलाई की रात वह प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान पहुंचा था। वहां महिला अपनी बच्ची के साथ सो रही थी। आरोपी ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने वहां रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए।

महिला के बेहोश हो जाने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसका गला दबाया और ईंट से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी खेत के रास्ते अपने ठिकाने पर पहुंचा और घटना के समय पहनी हुई खून लगी धोती छिपा दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह धोती बरामद कर ली है।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को हत्या और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में दुष्कर्म से संबंधित धारा 64 और 66 बीएनएस भी जोड़ी गई हैं।

इस जघन्य दोहरे हत्याकांड के खुलासे में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रीतम बघेल, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा तथा आरक्षक चमार साय और विनोद कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

*”संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण अपराधों के खुलासे में वैज्ञानिक जांच, सतत निगरानी और टीमवर्क सबसे बड़ी ताकत है। महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध जघन्य अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।*

खबर शेयर करें: