Raigarh: विश्व रक्तदान दिवस पर मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान शिविर सम्पन्न

आईएमए रायगढ़ एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने किया रक्तदान
रायगढ़, 14 जून 2026। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रायगढ़ एवं बजरंग दल रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में मेडिकल कॉलेज के प्रथम तल स्थित ब्लड बैंक में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को एनआर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज का प्रायोजन प्राप्त था। शिविर में चिकित्सकों, युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर आईएमए रायगढ़ के अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल एवं सचिव डॉ. राजकुमार गुप्ता सहित मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संतोष कुमार, हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट डॉ डी.एस. पटेल उपस्थित रहे। साथ ही डॉ. केदारनाथ पटेल, डॉ. जे.एस. बैस, डॉ. वी. डिवोड़िया, डॉ. एच.एस. उरांव, डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. डी.एस. पटेल, डॉ. रीना नायक एचओडी, पैथोलॉजी, डॉ. मुकेश, डॉ. नवीन अग्रवाल तथा डॉ. संजीव परलक्षण सहित लगभग 30 चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उपस्थित चिकित्सकों ने “रक्तदान महादान” की भावना को आत्मसात करते हुए समाज में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का सम्मान करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। आयोजन के दौरान रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि “आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।” इसी संदेश के साथ नागरिकों से आगे भी रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की गई।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






