रायगढ़: अपराध समीक्षा बैठक में SP ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के सख्त निर्देश दिए

छत्तीसगढ़ November 14, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़: अपराध समीक्षा बैठक में SP ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के सख्त निर्देश दिए

रायगढ़: अपराध समीक्षा बैठक में SP ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के सख्त निर्देश दिए

रायगढ़: पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना, चौकी और शाखा प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराध प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और पेंडेंसी को न्यूनतम स्तर पर लाया जाए।

एसपी पटेल ने कहा कि साधारण सड़क दुर्घटना और मारपीट जैसे अपराधों का त्वरित निपटारा किया जाए और गंभीर अपराधों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विजुअल पुलिसिंग, मार्केट एरिया में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति, वाहनों की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और समुदाय आधारित पुलिसिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उन्होंने जनता से संवाद को बढ़ावा देने के लिए पुलिस जन शिकायत शिविर, जन चौपाल, साइबर जागरूकता कार्यक्रम और ग्राम स्तर पर महिला समितियों के गठन पर जोर दिया। नशा मुक्ति अभियान को प्राथमिकता देने और लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी ने बताया कि अब ई-समन प्रणाली लागू की जा चुकी है, जिससे पेपरलेस कार्यप्रणाली के साथ अनावश्यक विलंब समाप्त होगा। इसके साथ ही ई-साक्ष्य ऐप और eDAR ऐप जैसे डिजिटल उपकरणों के माध्यम से अपराध शिकायतों और सड़क दुर्घटना मामलों में पारदर्शिता और दक्षता लाई जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को इन ऑनलाइन पोर्टलों पर आवश्यक एंट्री पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में कम पेंडेंसी वाले थाना प्रभारियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

खबर शेयर करें: