Raigarh: लायंस क्लब एवं दिव्य शक्ति समूह के डांडिया उत्सव में जमकर थिरके शहरवासी
Raigarh: लायंस क्लब एवं दिव्य शक्ति समूह के डांडिया उत्सव में जमकर थिरके शहरवासी
रायगढ़। नवरात्रि पर्व के अवसर पर 14 अक्टूबर को लायंस क्लब मिड टाउन रायगढ़ एवं दिव्य शक्ति समूह के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय रेड क्वीन गार्डन में भव्य डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक डांडिया थीम पर की गई सजावट और शानदार व्यवस्थाओं के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं, युवतियों एवं युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से बाहर से आए एंकर एवं सिंगर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल में उत्साह भर दिया। वहीं बाहर से बुलाए गए बैंड की धुनों पर प्रतिभागी जमकर थिरके और देर रात तक डांडिया की मस्ती में डूबे रहे। आयोजन के दौरान डांडिया की विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित कर सम्मानित किया गया।
डांडिया उत्सव में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं एवं युवतियां तथा आकर्षक अंदाज में पहुंचे युवा पूरे आयोजन के दौरान ऊर्जा और उमंग से भरपूर नजर आए। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने डांडिया के साथ जमकर आनंद लिया और नवरात्रि पर्व की खुशियां साझा कीं।
आयोजन स्थल की विशेष डांडिया थीम पर की गई सजावट भी आकर्षण का केंद्र रही। वहीं अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए स्वादिष्ट खान-पान की भी बेहतर व्यवस्था की गई थी। आयोजकों द्वारा की गई व्यवस्थाओं और भव्य आयोजन की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल त्योहार की खुशियों को बढ़ाते हैं, बल्कि समाज के लोगों को एक साथ जोड़ने और आपसी मेलजोल को मजबूत करने का भी माध्यम बनते हैं। आयोजन की सफलता में लायंस क्लब मिड टाउन रायगढ़ एवं दिव्य शक्ति समूह के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।