छत्तीसगढ़

CG News: जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर पड़ा छापा, डिप्टी रेंजर सहित पांच आरोपी हुए गिरफ्तार

 







कांकेर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर एक डिप्टी रेंजर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 1.25 लाख रुपये नकद, दो बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

 

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रानीडोंगरी में पुलिस ने बीती रात जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक डिप्टी रेंजर सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई। इससे पहले पुलिस ने एक स्वास्थ्यकर्मी को जुआ खेलते हुए पकड़ा था, जबकि अब वन विभाग के एक डिप्टी रेंजर को जुआ खेलते गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने रानीडोंगरी के जंगल में खेत के पास बनी एक झोपड़ी पर दबिश दी। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर अचानक छापा मारा, जिससे जुआरियों को भागने का मौका नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। पुलिस ने मौके से 1.25 लाख रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।







गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी एक स्वास्थ्यकर्मी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के पीछे स्थित एक कमरे में जुआ खेलते हुए पकड़ा गया था। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभागीय जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी।

 

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button