छत्तीसगढ़

जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 16 जुलाई 2025 – जशपुर पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ अपनी त्वरित कार्रवाई जारी रखते हुए, दुष्कर्म के आरोपी तन्नू आलम उर्फ अल्फाज आलम को रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामले का विवरण
जशपुर क्षेत्र की एक 22 वर्षीय युवती ने 15 जुलाई 2025 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 से उसका परिचय तन्नू आलम निवासी करबला रोड से था। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। 8 मार्च 2024 को तन्नू आलम प्रार्थिया को पास के एक ग्राम में स्थित किराए के मकान में ले गया और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद वह समय-समय पर उसे उसी मकान में ले जाकर दुष्कर्म करता रहा।

प्रार्थिया मई 2024 में तन्नू आलम के दुष्कर्म से गर्भवती हो गई। तब तन्नू आलम ने उससे कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए अभी बच्चा नहीं चाहिए। आरोपी ने मेडिकल दुकान से दवाई लाकर प्रार्थिया को खिला दी, जिससे उसका गर्भ समाप्त हो गया।

प्रार्थिया के परिजनों को उसके तन्नू आलम से प्रेम संबंध की जानकारी होने पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद वह तन्नू आलम के ढूंढे हुए किराए के मकान में रहने लगी। इस दौरान भी तन्नू आलम ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब प्रार्थिया ने विरोध किया, तो वह शादी का झूठा आश्वासन देता रहा। इसी बीच, तन्नू आलम अन्य लड़कियों से भी बातचीत करता था। जब प्रार्थिया ने इसका विरोध किया, तो वह उसके साथ हाथ और मुक्कों से मारपीट करता था।

14 जुलाई 2025 की रात को तन्नू आलम फिर से प्रार्थिया के पास आया। प्रार्थिया द्वारा दूसरी लड़की से बातचीत करने का विरोध करने पर, आरोपी ने उसे हाथ, मुक्के, डंडे आदि से फिर से मारा, जिससे प्रार्थिया बेहोश हो गई और तन्नू आलम वहां से भाग गया। प्रार्थिया ने यह बात अपनी मां को बताई, जिसके बाद थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 183/2025 धारा 69, 88, 115(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई
महिला संबंधी गंभीर अपराध होने के कारण, एसएसपी जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी जशपुर निरीक्षक आशीष तिवारी को आरोपी तन्नू आलम को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में, करबला रोड स्थित आरोपी के निवास पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया और थाना लाया गया। पूछताछ में, आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।



















आरोपी तन्नू आलम उर्फ अल्फाज आलम, उम्र 23 साल, निवासी करबला रोड जशपुरनगर के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे 16 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जशपुर निरीक्षक आशीष तिवारी, स.उ.नि. स्नेहलता सिंह, स.उ.नि. एस.एन. पाल और अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button