रायगढ़

Raigarh: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत का त्वरित समाधान, छात्र का कक्षा 9वीं में कराया गया प्रवेश

शिक्षा विभाग की त्वरित पहल से दूर हुई छात्र के प्रवेश की बाधा, पालक ने जताया संतोष
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी शासन और नागरिकों के बीच भरोसेमंद संवाद का सशक्त माध्यम
रायगढ़, 27 जून 2026। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का विभिन्न विभागों द्वारा समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा रहा है। इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण रायगढ़ जिले के विकासखंड पुसौर में देखने को मिला, जहां एक छात्र के विद्यालय प्रवेश से संबंधित शिकायत का त्वरित समाधान करते हुए उसे कक्षा 9वीं में प्रवेश दिलाया गया।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में 26 जून 2026 को ग्राम खोखरा, विकासखंड पुसौर निवासी श्री श्याम कुमार पटेल द्वारा शिकायत क्रमांक CC260600048911 दर्ज कराई गई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके पुत्र पवन देव पटेल, जिसने वर्ष 2026 में शासकीय माध्यमिक शाला खोखरा से कक्षा 8वीं उत्तीर्ण की है, उसे निकटवर्ती हाई स्कूल में कक्षा 9वीं में प्रवेश दिलाने में कठिनाई आ रही है।

शिकायत प्राप्त होते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री भुवनेश्वर पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की। उन्होंने शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त की तथा छात्र के प्रवेश से संबंधित सभी तथ्यों की जानकारी ली। चर्चा के दौरान पालक ने अपने पुत्र का प्रवेश शासकीय हाई स्कूल तेलीपाली में कराने की इच्छा व्यक्त की।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करते हुए छात्र एवं उसके पालक को शासकीय हाई स्कूल तेलीपाली बुलाया। विद्यालय के प्राचार्य को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए, जिसके बाद छात्र पवन देव पटेल का कक्षा 9वीं में विधिवत प्रवेश सुनिश्चित कराया गया। प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने छात्र को नियमित अध्ययन करने, शिक्षा के प्रति समर्पित रहने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

अपने पुत्र का समय पर प्रवेश होने और समस्या का त्वरित समाधान मिलने पर पालक श्री श्याम कुमार पटेल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा शिक्षा विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिकायत का शीघ्र निराकरण होने से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा और शासन की यह व्यवस्था आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।

बीईओ ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शासन और आम नागरिकों के बीच संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी एवं भरोसेमंद माध्यम है। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को शासन की सेवाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग भी नागरिकों की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को बिना किसी बाधा के शिक्षा का अधिकार प्राप्त हो सके।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button