बलरामपुर की प्रिया गुप्ता को CGPSC में 125वीं रैंक:तीसरे प्रयास में मिली सफलता, साल भर कोचिंग फिर सेल्फ स्टडी की
बलरामपुर की प्रिया गुप्ता को CGPSC में 125वीं रैंक:तीसरे प्रयास में मिली सफलता, साल भर कोचिंग फिर सेल्फ स्टडी की
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2024 के परीक्षा परिणाम 20 नवंबर को घोषित कर दिए गए हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बरदर गांव की रहने वाली प्रिया गुप्ता ने इस परीक्षा में 125वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त कर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है।
प्रिया ने अपनी प्राथमिक शिक्षा बरदर के प्राथमिक शाला से पूरी की। इसके बाद, उन्होंने छठवीं से 12वीं तक की पढ़ाई अंबिकापुर के उरशु लाइन स्कूल से गणित विषय के साथ की। साल 2020 में उन्होंने श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट से सिविल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की।
उन्होंने 2021 में बिलासपुर से CGPSC की तैयारी शुरू की थी। अपने पहले प्रयास (2022) में उन्हें 214वीं रैंक मिली थी, जबकि दूसरे प्रयास (2023) में उन्होंने 318वीं रैंक हासिल की थी। आखिरकार, सेल्फ स्टडी करते हुए 2024 में अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने 125वीं रैंक के साथ सफलता प्राप्त की।
गांव और जिले में उत्साह का माहौल
प्रिया गुप्ता ग्राम बरदर की रहने वाली हैं। उनके पिता संजीत गुप्ता (मुन्ना) पूर्व जनपद सदस्य रह चुके हैं, जबकि माता सरोज गुप्ता जनपद पंचायत बलरामपुर की पूर्व उपाध्यक्ष रही हैं। बेटी की इस उपलब्धि से पूरे परिवार, गांव और जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।
प्रिया की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बलरामपुर जिले का नाम रोशन किया है। कई सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीणों ने कहा, “यह हमारी बेटी ही नहीं, पूरे जिले का सम्मान है।”