राजेंद्र नगर में पुलिसकर्मी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, रहस्य बना कारण!
राजेंद्र नगर में पुलिसकर्मी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, रहस्य बना कारण!
रायपुर – राजधानी के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई, जिसमें पुलिस विभाग में तैनात एक जवान ने खाली प्लॉट में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पुलिस महकमे में शोक और हैरानी का माहौल पैदा कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक पुलिसकर्मी राजेंद्र नगर पुलिस लाइन में रहता था और यहीं उसकी ड्यूटी लगी हुई थी। सोमवार रात वह लाइन से बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसी दौरान आसपास के लोगों ने एक खाली प्लॉट में पेड़ से लटका हुआ शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। जांच में परिजनों और विभागीय अधिकारियों से पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक पूछताछ में सहकर्मियों ने बताया कि मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक दबाव में था, हालांकि इसका स्पष्ट कारण नहीं पता चला। परिवार ने भी किसी विवाद या परेशानी की जानकारी से इंकार किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जवान का शांत स्वभाव था और ड्यूटी के समय पूरी लगन से काम करता था। विभागीय स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा। राजेंद्र नगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
पुलिस जांच में मोबाइल डेटा, सबूत और परिजनों के बयान शामिल किए जा रहे हैं ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।