हसदेव नदी में आरक्षक ने लगाई छलांग, पुल पर मिली बाइक, मोबाइल और पुलिस आईडी, तलाश जारी

छत्तीसगढ़ October 23, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
हसदेव नदी में आरक्षक ने लगाई छलांग, पुल पर मिली बाइक, मोबाइल और पुलिस आईडी, तलाश जारी

हसदेव नदी में आरक्षक ने लगाई छलांग, पुल पर मिली बाइक, मोबाइल और पुलिस आईडी, तलाश जारी

 कोरबा. कोरबा जिले के मोरगा चौकी अंतर्गत केंदई के पास हसदेव पुल से एक आरक्षक के नदी में छलांग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने हसदेव नदी के बीच पुल पर अपनी बाइक क्रमांक सीजी 14 एमएक्स 1898 को खड़ी कर 25 फीट नीचे नदी में छलांग लगा दी। मौके पर बाइक के ऊपर आरक्षक का मोबाइल, पर्स, पुलिस आई कार्ड और आधार कार्ड मिला है।

आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है, जो सरगुजा जिले के थाना प्रेमनगर अंतर्गत तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। आशंका जताई जा रही है कि आरक्षक ने अपनी बाइक पुल पर खड़ी कर हसदेव नदी में छलांग लगा दी है। हालांकि उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने वाहन के पास मिले सभी दस्तावेजों को जप्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि सूचना मिलते ही आई कार्ड के आधार पर संबंधित थाना-चौकी को सूचना दे दी गई है। वहीं आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि हसदेव नदी में इस समय पानी भरा हुआ है और बहाव काफी तेज है, ऐसे में देर रात रेस्क्यू करना मुश्किल हो रहा है। गोताखोरों की टीम सुबह से रेस्क्यू अभियान तेज करेगी।

पुल पर बाइक खड़ी होने और दस्तावेज मिलने के बाद से ही यह माना जा रहा है कि आरक्षक ने ही छलांग लगाई है, लेकिन युवक ने छलांग कब, कैसे और किन परिस्थितियों में लगाई है, यह जांच का विषय है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।

खबर शेयर करें: