छत्तीसगढ़

बिलासपुर में कांग्रेस नेता की हत्या की साजिश नाकाम, 7 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर: राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद को लेकर कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह की हत्या की साजिश रचने वाले आरोपियों को बिलासपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में कांग्रेस के निष्कासित नेता विश्वजीत अनंत मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे हैं।















पुलिस कार्रवाई: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों के पास से 2 देसी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 5 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 13 खाली खोखे, 10 बुलेट और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

घटना का विवरण: यह घटना 28 अक्टूबर की शाम 6 बजे मस्तूरी मेन रोड पर हुई। आरोपियों ने दो मोटरसाइकिलों से पहुंचकर नीतेश सिंह और उनके साथियों पर गोलियां चलाई। इस हमले में उनके सहयोगी राजू सिंह और चंद्रभान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने एसीसीयू (साइबर सेल) और थाना मस्तूरी की संयुक्त टीम के माध्यम से 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की।

साजिश का कारण: जांच में सामने आया कि नीतेश सिंह और विश्वजीत अनंत के बीच मस्तूरी क्षेत्र में जमीन के क्रय-विक्रय और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। दो साल पहले नीतेश सिंह और उनके साथियों ने श्रीकांत वर्मा मार्ग पर विश्वजीत पर हमला किया था। उसी रंजिश के चलते विश्वजीत ने अपने भाइयों और साथियों के साथ मिलकर नीतेश की हत्या की योजना बनाई।

गिरफ्तार आरोपी:

  • विश्वजीत अनंत (29 वर्ष)

  • अरमान उर्फ बलमजीत अनंत (29 वर्ष)

  • चाहत उर्फ विक्रमजीत अनंत (19 वर्ष), सभी ग्राम मोहतरा के

  • मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस (29 वर्ष), भारतीय नगर, बिलासपुर

  • मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू (22 वर्ष), अटल आवास, कोनी

  • दो किशोर, विधि से संघर्षरत

अपराध दर्ज: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 3(5) बीएनएस, 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शेष सहयोगियों की भी पहचान की जा रही है।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।






Back to top button