Uncategorized

रेत के नाम पर ‘वसूली गैंग’ का पर्दाफाश! डायरी में दर्ज था हर ट्रक का हिसाब, FIR के आदेश से मचा खौफ

ग्राम दुलना में संगठित अवैध वसूली का खुलासा, प्रशासन सख्त… कई प्रभावशाली नाम जांच के घेरे में


अभनपुर। रेत परिवहन के नाम पर चल रहे अवैध वसूली के संगठित खेल का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है। ग्राम दुलना में सामने आए इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जांच में खुलासा होने के बाद तहसीलदार ने सीधे FIR दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं, जिससे वसूली में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को की गई जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। रेत से भरे वाहनों से बाकायदा एक डायरी बनाकर पैसे वसूले जा रहे थे, जिसमें हर वाहन का हिसाब-किताब दर्ज था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह पूरा रैकेट गांव के ही कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा चलाया जा रहा था, जो खुद को ग्राम विकास समिति से जुड़ा बताकर इस अवैध वसूली को अंजाम दे रहे थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभनपुर ने विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी। रिपोर्ट में साफ तौर पर अवैध वसूली की पुष्टि होने के बाद तहसीलदार ने थाना प्रभारी गोबरा नवापारा को सख्त निर्देश जारी करते हुए तत्काल FIR दर्ज करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ग्राम विकास समिति के कई पदाधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं। इनमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित अन्य सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

अब सवाल यह है कि क्या पुलिस इस संगठित वसूली गिरोह पर तेजी से कार्रवाई कर पाएगी या फिर यह मामला भी समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाएगा। फिलहाल प्रशासन के इस कड़े रुख से अवैध वसूली में लिप्त लोगों के बीच डर और बेचैनी साफ नजर आ रही है, और पूरे क्षेत्र की नजर अब आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।









IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button