MBBS करने का सपना अब होगा और आसान! रायपुर के JNM मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं 20 सीटें, छात्रों को बड़ी राहत
MBBS करने का सपना अब होगा और आसान! रायपुर के JNM मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं 20 सीटें, छात्रों को बड़ी राहत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। अब कॉलेज में 230 की जगह 250 सीटों पर प्रवेश मिलेगा।
MARB द्वारा 10 जुलाई 2026 को जारी लेटर ऑफ परमिशन (LoP) के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में 20 नई एमबीबीएस सीटें जोड़ी गई हैं। यह मेडिकल कॉलेज पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है।
63 वर्षों में 60 से 250 तक पहुंची सीटों की संख्या
वर्ष 1963 में केवल 60 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुए इस प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज ने समय-समय पर अपनी प्रवेश क्षमता में लगातार विस्तार किया है। सीटों की संख्या पहले 100, फिर 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026 में बढ़कर 250 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि सीटों में वृद्धि से प्रदेश के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और उन्हें एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के प्रयासों को देते हुए कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।