Raigarh: नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की, श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ शहर, उमड़ा जनसैलाब, जयकारों से गूंजा रायगढ़
Raigarh: नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की, श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ शहर, उमड़ा जनसैलाब, जयकारों से गूंजा रायगढ़
रातभर श्रद्धालुओं ने मंदिर मेला और झूला उत्सव का उठाया लुत्फ, मंदिरों में लगी रही भीड़
रायगढ़। पूरे छत्तीसगढ में अलग पहचान बनाने वाला रायगढ़ का जन्माष्टमी मेला पूरे शबाब पर है। जन्माष्टमी मेला के तीसरे दिन शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी होने पर गौरी शंकर मंदिर व श्याम मंदिर में भक्तों की लम्बी लाइन लगी रही। आयोजन से पूरा शहर कृष्णमय हो गया है। 5 दिवसीय चलने वाली इस जन्माष्टमी मेले में को देखने छत्तीसगढ प्रदेश ही नहीं अपितु दूसरे राज्यों से भी हजारों लाखों दर्शनार्थी यहां आते है। इस बाद मंदिर पहुंचने वालों दर्शनार्थियों के लिए आयोजन समिति ने विशेष व्यवस्था की है।
चौक-चौरहों में लगा भंडारा
दूर दराज से आये भक्तों के लिए जगह-जगह भंडारा लगाया गया है। रायगढ़ के कई संस्थाओं ने जगह- जगह भंडारा, भोजन, खीर, पूड़ी सब्जी, फोहा जलेबी मिठाई का निःशुल्क वितरण कर रही है। प्रसाद ग्रहण पाने के लिए लोग कतार में खड़े होकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया। श्री श्याम सखी मंडल ने श्याम मंदिर प्रांगण में भक्तों को सवामणी खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं सामाजिक संस्थाओं ने रामनिवास टॉकीज रोड, गौरीशंकर मंदिर रोड, चक्रधर नगर चौक, रविशंकर शुक्ल मार्केट रोड, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक से लेकर अन्य जगह पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया।
कृष्ण जन्मोत्सव के दिन ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर और श्री श्याम मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी रही। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दूसरे जिले से भी श्रद्धालु रायगढ़ आए। सुबह से मंदिर पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण के दर्शन किए। शाम होते-होते ही भीड़ पहले से अधिक बढ़ गई। रात में मंदिरों में जन्मोत्सव शुरू होते ही हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे के जयकारे से मंदिर गूंजने लगा। रात भर श्रद्धालु मंदिर मेला और झूला उत्सव का लुत्फ उठाते रहे।
आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन
गौरी शंकर मंदिर और श्री श्याम मंदिर में झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया। ऐसे में दोनों ही मंदिरों में आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं को लुभा रही थी। इसी तरह लोगों के मनोरंजन के लिए मीना बाजार लगा हुआ है जिसमें अनेक प्रकार के झुला लगे हुए हैं जिसका बच्चों से लेकर युवा, युवती सभी इसका भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
मेला में भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा शहर के चौक चौराहों पर पुलिस की तैनाती की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेला में पुलिस अधिकारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। साथ ही वालंटियर की भी तैनाती किए गए हैं, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
जगह – जगह हांडी फोड़ प्रतियोगिता
भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व की खुशी में शहर के श्रद्धालुओं द्वारा अनेक स्थानों में दही मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। वहीं इस बार भी अष्टमी तिथि जन्माष्टमी पर्व को शहर के सुभाष चौक, सहित अन्य स्थानों में सनातन पंरपरा के अनुसार भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसे देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी व शहरवासियों ने भरपूर आनंद लिया।