छत्तीसगढ़

‘मुस्कुराएगा बस्तर’… अब कार्टून के जरिए दिखेगी नई पहचान! CM विष्णु देव साय के विजन को मिलेगी रचनात्मक उड़ान

‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर छात्रों को मिलेगा देश के दिग्गज कार्टूनिस्टों से प्रशिक्षण

 








रायपुर।

बस्तर की नई पहचान अब रंगों और रेखाओं के जरिए दुनिया तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने के उद्देश्य से ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर जगदलपुर में विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस अनूठी पहल में स्कूली विद्यार्थियों को देश के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट और कैरिकेचर कलाकार प्रशिक्षण देंगे, ताकि वे अपनी कला के माध्यम से बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और विकास की सकारात्मक तस्वीर दुनिया के सामने रख सकें।

स्कूली छात्रों को मिलेगा दिग्गज कार्टूनिस्टों का मार्गदर्शन

छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की प्रतिष्ठित मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच इस विशेष कार्यशाला का आयोजन कर रही है। कार्यशाला में विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की बारीकियां सिखाई जाएंगी। साथ ही उन्हें अपनी रचनात्मक सोच के जरिए बस्तर के लोकजीवन, संस्कृति और पर्यटन स्थलों को चित्रों में उकेरने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम से दिखेगी नई तस्वीर

कार्यशाला की थीम ‘मुस्कुराता बस्तर’ रखी गई है। इसका उद्देश्य बस्तर की सकारात्मक छवि को कार्टून कला के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा जैसी धरोहरों को भी इस थीम में रचनात्मक रूप से शामिल किया जाएगा।

दिल्ली और पुणे के विशेषज्ञ देंगे लाइव डेमो

कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के जरिए ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीक सिखाएंगे। विद्यार्थियों को यह भी बताया जाएगा कि कार्टून कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं, बल्कि रोजगार और करियर का भी बेहतर विकल्प बन सकती है।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

इस कार्यशाला का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और बस्तर की सकारात्मक पहचान को कला के माध्यम से देशभर तक पहुंचाना है। आयोजन के जरिए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही यह पहल बस्तर की बदलती तस्वीर और विकास की नई कहानी को रचनात्मक अंदाज में सामने लाने का माध्यम भी बनेगी।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button