Raigarh News: निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने ली समय सीमा की बैठक, आवेदनों के निराकरण में लेट लतीफी करने पर सख्त कार्रवाई करने की दी चेतावनी

रायगढ़। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मंगलवार को समय-सीमा (टीएल) की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं विभिन्न जन शिकायतों से प्राप्त आवेदनों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। बैठक के दौरान 100 से अधिक आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए उनकी वर्तमान निराकरण स्थिति की जानकारी ली गई।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने ऐसे आवेदन जिसका निराकरण अभी तक लंबित है, उसे आगामी बैठक से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण करने स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि निराकरण की कार्रवाई ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करें तथा आवेदकों को भी समय पर इसकी सूचना उपलब्ध कराएं।
बैठक में निगम क्षेत्र के नागरिकों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न शिकायतों, मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 100 से ज्यादा आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को जनदर्शन एवं समय-सीमा के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण में गंभीरता बरतने और तय समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने विशेष रूप से सफाई, अतिक्रमण हटाने, निर्माण कार्यों एवं जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि शासन की योजनाओं एवं जन अपेक्षाओं से जुड़े आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
समय सीमा बैठक में सभी आवेदनों पर निराकरण की स्थिति एवं समय सीमा दर्ज करते हुए इसका पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान आयुक्त श्री क्षत्रिय ने किसी भी विभाग द्वारा समय पर प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही नहीं की जाती है, तो संबंधित विभाग प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावानी दी।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






