रायगढ़

Raigarh: आपसी सौहार्द, शांति एवं अनुशासन के साथ मनेगा मोहर्रम पर्व, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा, यातायात एवं मूलभूत व्यवस्थाओं पर बनी कार्ययोजना

ताजिया-अखाड़ा के दौरान शस्त्र प्रदर्शन पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था के दिए गए निर्देश
कानून-व्यवस्था बनाए रखने मजिस्ट्रेटों की होगी तैनाती
समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन को दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन
रायगढ़, 23 जून 2026/ जिले में 26 जून को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व को आपसी सौहार्द, शांति एवं अनुशासन के साथ मनाया जाएगा। पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित बैठक में एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, एसडीएम महेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व को पूर्ण शांति, सौहार्द एवं अनुशासन के वातावरण में मनाया जाएगा तथा सभी आयोजन निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी ताजिया एवं अखाड़ा के दौरान किसी भी प्रकार के शस्त्र प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। सभी ताजिया समितियों एवं समाज प्रमुखों से नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
बैठक में समाज प्रमुखों ने विभिन्न ताजिया एवं अखाड़ों में शामिल होने वाली संभावित भीड़ तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव रखे। प्रशासन ने सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। नगर निगम को चांदनी चौक सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चांदनी चौक से गांजा चौक तक मार्ग में रखी भवन निर्माण सामग्री एवं अन्य अवरोधों को हटाकर मार्ग को सुगम बनाने कहा गया, ताकि ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस निर्बाध रूप से संचालित हो सकें। विद्युत विभाग को ताजिया एवं अखाड़ा निकलने वाले प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों की समुचित व्यवस्था करने तथा सुरक्षित आवागमन के लिए विद्युत तारों की आवश्यक ऊंचाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाओं के लिए एम्बुलेंस उपलब्ध रखने तथा नगर सेना एवं अग्निशमन विभाग को चांदनी चौक क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में बताया गया कि मोहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यपालिक दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की ड्यूटी निर्धारित की गई है। संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी साझा किए गए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए मोहर्रम पर्व को भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक के अंत में सभी उपस्थित जनों से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था के संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button