रायगढ़

Raigarh News: अभियान ‘संवेदना’ के तहत गुम बालिका की दस्तयाब, नाबालिग को भगा ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार

 





कोतवाली पुलिस ने आरोपित को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार कर भेजा जेल

रायगढ़ एसएसपी के निर्देशन में नाबालिग और महिला संबंधी शिकायतों पर की जा रही त्वरित कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह —महिला संबंधी शिकायत पर तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई करना रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता।”

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में महिला एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा हेतु संचालित “अभियान संवेदना” के अंतर्गत थाना कोतवाली पुलिस ने 16 वर्षीय बालिका को दस्तयाब कर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने वाले 23 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को बालिका घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर थाना कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपराध क्रमांक 408/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।







बालिका की तलाश के दौरान 1 अगस्त 2026 को पुलिस ने बालिका को केलो डेम के पास आरोपी विनय केरकेट्टा (23 वर्ष) के साथ बरामद किया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि आरोपी ने उसे विवाह का प्रलोभन देकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ पत्थलगांव ले गया और अपने परिचितों के घर रखकर शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। बालिका के कथन एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धारा 87, 65(1) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गईं।

आरोपी से पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AG 0302 तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

आरोपी विनय केरकेट्टा, निवासी कृष्णापुर, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़, के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के कुशल मार्गदर्शन पर महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित पुलिस कार्रवाई के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई इस कार्रवाई में नव पदस्थ थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रिया साहू, आरक्षक कोमल तिवारी, कमलेश यादव एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

“महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति स्पष्ट है—महिला संबंधी शिकायत पर तत्काल, संवेदनशील कानूनसम्मत कार्रवाई और अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button