Jashpur News: 35 लाख की ठगी का मास्टरमाइंड 4 साल बाद गिरफ्तार, जेल भेजा गया

छत्तीसगढ़ July 15, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
Jashpur News: 35 लाख की ठगी का मास्टरमाइंड 4 साल बाद गिरफ्तार, जेल भेजा गया

Jashpur News: 35 लाख की ठगी का मास्टरमाइंड 4 साल बाद गिरफ्तार, जेल भेजा गया

जशपुर, 15 जुलाई 2025: जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत चार साल से फरार चल रहे ₹35 लाख की ठगी के शातिर आरोपी संदीप खांडेल (उम्र 41 साल) को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। संदीप खांडेल एक कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करता था और इस दौरान उसने ग्रामीण महिलाओं के समूह से धोखाधड़ी की थी।

ठगी का तरीका और गिरफ्तारी
यह मामला 2021 का है, जब आस्ता और मनोरा क्षेत्र की महिला हितग्राही समूहों के नाम पर भारत फाइनेंस और स्पंदना कंपनी से लगभग ₹35 लाख का लोन निकाला गया था। आरोपी संदीप खांडेल और उसके साथियों ने महिलाओं को ₹25-25 हजार का लोन दिलवाया, लेकिन धोखाधड़ी करके उनमें से ₹11-11 हजार अपने पास रख लिए। शेष रकम भी आरोपियों ने ठगी कर ली। इस संबंध में थाना आस्ता में अपराध क्रमांक 03/2021 धारा 420, 34 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में संदीप के अन्य दो साथी, राजेंद्र सिंह रौतिया और सूरजमणी भगत, पहले ही 2021 में गिरफ्तार हो चुके हैं।

फरार रहने के दौरान संदीप खांडेल भोपाल और इंदौर में ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था। जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम लंबे समय से उसकी तलाश में थी। 14 जुलाई 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी संदीप खांडेल कुनकुरी में आया हुआ है और भागने की फिराक में है। इस सूचना पर थाना प्रभारी आस्ता, उप निरीक्षक संतोष सिंह और उनकी टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और भागते हुए आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी संदीप खांडेल ने बताया कि उसने अपने साथी राजेंद्र सिंह रौतिया और सूरजमणी भगत के साथ मिलकर आस्ता, माड़ो, बहेरना, अंधला, केसरा, डांडटोली, खड़कोना, टेम्पू और चड़िया जैसे गांवों की महिलाओं को स्पंदना कंपनी और भारत फाइनेंस से जोड़ा। उन्होंने प्रत्येक महिला को ₹25-25 हजार का लोन दिलवाया और फिर उनसे ₹11-11 हजार वन क्लिक शॉप कंपनी से जोड़ने के नाम पर ठग लिए। इस तरह उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के नाम पर कुल ₹35 लाख की ठगी को अंजाम दिया।

“ऑपरेशन अंकुश” जारी रहेगा
एसएसपी जशपुर, शशि मोहन सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत पुराने मामलों के फरार आरोपियों की लगातार गिरफ्तारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में धोखाधड़ी के फरार आरोपी संदीप खांडेल को गिरफ्तार किया गया है और “ऑपरेशन अंकुश” लगातार जारी रहेगा। इस गिरफ्तारी में थाना प्रभारी आस्ता उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक 218 सुरेश गोंड़ और आरक्षक 191 अम्बुज सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

खबर शेयर करें: