CG News: गोलबाजार में भीषण आग, चार दुकानों का लाखों का सामान राख
CG News: गोलबाजार में भीषण आग, चार दुकानों का लाखों का सामान राख
बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम और मुख्य मार्केट माने जाने वाले गोलबाजार में अपना लॉज से सटी चार दुकानों में मंगलवार रात 11 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई। लेकिन धुंआ अधिक होने के कारण टीम को दुकान के भीतर घुसने में डेढ़ घंटे लग गए। आसपास के घरों में सो रहे लोग घुटन के कारण उठकर सड़क पर आ गए। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मंगलवार देर रात सदर बाजार के मुख्य मार्ग पर स्थित अपना लॉज व अमरनाथ की दुकान से सटे महामाया बैग, साड़ी और बालाजी शूज से तेज धुंआ निकलता देख लोगों ने आगजनी की आशंका पर पुलिस और दमकल को सूचना दी। देखते ही देखते 15 मिनट में भीड़ उमड़ गई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की दो गाड़ियां भी आ गईं। लेकिन तब तक सदर बाजार और आसपास के घरों में धुंआ भर गया। लोग घरों से निकलकर बाहर आ गए। रात 12.30 बजे तक पुलिस और दमकल की टीम दुकान के भीतर घुसने की कोशिश करती रही। पुलिस और दमकल के साथ आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुटे हुए थे।
आसपास की दुकानों को खाली कराया
आग फैलने के डर से पुलिस ने पास की दुकानों को खाली कराया। आसपास के घरों से भी लोगों को बाहर निकाला गया। नजदीक खड़े लोगों को भी पुलिस ने हटाया। वही मौके पर अफरा– तफरी को देखते हुए कोतवाली सीएसपी आईपीएस गगन कुमार,कोतवाली टीआई देवेश राठौर के अलावा एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर नाइट गश्त में तैनात डीएसपी अजाक डेहरे राम टंडन, टीआई सरकंडा निलेश पांडेय अजाक टीआई रवींद्र अनंत, तारबाहर टीआई कृष्णचंद सिदार भी आगजनी स्थल पर बल लेकर पहुंच गए। मौके पर भीड़ के कारण पुलिस और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में दिक्कत हुई।
धुएं के कारण विजिबिलिटी 2 मीटर से कम
मौके पर धुंआ इतना ज्यादा था कि बाहर खड़े लोग एक-दूसरे को पहचान नहीं पा रहे थे। विजिबिलिटी 2 मीटर से भी कम थी। ऐसे में दमकल कर्मियों को दुकान में घुसने के लिए भारी परेशानी हुई। करीब एक घंटे बाद वे भीतर घुसने में सफल हुए। बाहर खड़े लोगों ने रूमाल से नाक और मुंह ढंक रखे थे।
शहर का व्यस्त और घना मार्केट
सदर और गोल बाजार शहर का सबसे व्यस्त और घना मार्केट माना जाता है। यहां सभी दुकानें और मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं। एक साथ चार दुकानों में आग लगने की यही मुख्य वजह मानी जा रही है। अनुमान है कि पहले एक दुकान में आग लगी और फिर वह दूसरी, तीसरी और चौथी दुकान तक फैल गई।
जूता दुकान संचालक की लापरवाही के चलते लगी आग
मौके पर ग्राउंड रिपोर्ट करने पहुंचे एनपीजी रिपोर्टर को दुकानदारों ने बताया कि जूता दुकान संचालक की लापरवाही के चलते आग लगी। जूता दुकान संचालक के दुकान के मेन स्वीच के पास पिछले कई माह से शॉर्ट सर्किट हो रहा था। उसे बनवाने के लिए हिदायत देने पर भी उसने रिपेयर नहीं करवाया जिसके चलते आगजनी हुई और उसके खुद की दुकान सहित चार दुकानें जलकर खाक हो गई। वो तो गनीमत रही कि दुकानों में आग बंद होने के बाद लगी, वरना जान का भी नुकसान हो सकता था।
इन दुकानों में लगी आग, लाखों का नुकसान
आगजनी में बालाजी ड्राई फूट, बाबा हैंडलूम,महामाया साड़ी, मास्को शूज जलकर राख हो गया। आने वाले नवरात्रि और दीपावली के त्योहारों के मद्देनजर व्यापारियों ने मालभर रखा था। जिसमें आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया।