रायगढ़

Raigarh: BR मेमू ट्रेन में 30 हजार का मंगलसूत्र पार, एक्सप्रेस में लैपटॉप वाला बैग गायब, रायगढ़ GRP ने दर्ज की FIR

 

रायगढ़, 10 जून 2026।   रायगढ़ रेलवे स्टेशन और एक एक्सप्रेस ट्रेन में चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में महिला यात्री का करीब 30 हजार रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया, जबकि दूसरे मामले में बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री का बैग पार कर दिया गया। दोनों मामलों में जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पहली घटना में चांदनी चौक धोबीपारा निवासी बृहस्पति बाई बरैठ (48) ने जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार को वह अपनी बेटी के साथ अकलतरा जाने के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेन आने पर दोनों जनरल कोच में सवार हुईं, जहां काफी भीड़ थी।

यात्रा के दौरान जब उन्होंने अपने गले में हाथ लगाया तो उनका मंगलसूत्र गायब मिला। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने करीब 4 ग्राम वजनी और लगभग 30 हजार रुपये मूल्य का मंगलसूत्र चोरी कर लिया। पीड़िता के अनुसार मंगलसूत्र 15 से 20 साल पुराना था। घटना के बाद उन्होंने जीआरपी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

वहीं दूसरी घटना बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में हुई। ओडिशा के सिंदरिया गांव निवासी शेख इमामुद्दीन (34) ने शिकायत में बताया कि वह भुवनेश्वर से बिलासपुर जाने के लिए ट्रेन के बी-1 कोच की सीट नंबर-18 पर सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान उन्होंने अपना बैग टेबल के नीचे रख दिया था और सो गए।



















सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब उनकी नींद खुली तो बैग गायब था। उस समय ट्रेन रायगढ़ स्टेशन से आगे निकल चुकी थी। पीड़ित ने बताया कि बैग में लैपटॉप, पर्स, दो क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित करीब 45 हजार रुपये का सामान रखा हुआ था, जिसे अज्ञात चोर लेकर फरार हो गया।

GRP थाना प्रभारी बीआर बोर्झा ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों मामलों की विवेचना जारी है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button