रायगढ़

CG NEWS: 16 लाख हड़पने वाला आरोपी दो साल बाद गिरफ्तार, रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से पुलिस ने दबोचा, कलेक्शन की राशि लेकर हो गया था फरार

 















रायपुर। फरार वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मौदहापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹16 लाख की राशि हड़पने के मामले में करीब दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी अमित सिंह (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

कलेक्शन की 16 लाख राशि लेकर हो गया था फरार

पुलिस के अनुसार आरोपी अमित सिंह पिता सुरेंद्र सिंह, नमन डिस्ट्रीब्यूटर्स, शारदा चौक में वर्कर/कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था। 24 मई 2024 को दुकान संचालक ने उसे यूको बैंक में जमा कराने के लिए दुकान की कलेक्शन राशि ₹1 लाख और दिल्ली से आए व्यापारी संजय वर्मा से प्राप्त ₹15 लाख, यानी कुल ₹16 लाख सौंपे थे।

आरोप है कि अमित सिंह ने पूरी रकम बैंक में जमा करने के बजाय बेईमानीपूर्वक अपने पास रख ली और फरार हो गया।

मामले में दुकान संचालक की रिपोर्ट पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 173/2024, धारा 406, 408 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

दो साल से पुलिस कर रही थी तलाश

अपराध दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। करीब दो वर्ष तक फरार रहने के बाद आरोपी के संबंध में पुलिस को 19 अगस्त 2026 की देर रात मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित सिंह को रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय ने रिमांड पर भेजा

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से आरोपी को रिमांड पर भेज दिया गया है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा फरार वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत ऐसे आरोपियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।






Back to top button