रायगढ़ के वृंदावन कॉलोनी में बड़ी चोरी, घर से करीब 10 लाख रुपये नकद पार

रायगढ़ August 25, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ के वृंदावन कॉलोनी में बड़ी चोरी, घर से करीब 10 लाख रुपये नकद पार

रायगढ़ के वृंदावन कॉलोनी में बड़ी चोरी, घर से करीब 10 लाख रुपये नकद पार

 

रायगढ़। शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया है। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ढिमरापुर स्थित वृंदावन कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वृंदावन कॉलोनी निवासी आनंद कुमार सिंघानिया के मकान में चोरी की वारदात हुई है। बताया जा रहा है कि वे एनटीपीसी लारा में ठेकेदारी से जुड़े कार्य करते हैं और मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले हैं।

परिवार के साथ गए थे झारसुगुड़ा
बताया जा रहा है कि आनंद कुमार सिंघानिया किसी काम के सिलसिले में अपने परिवार के साथ झारसुगुड़ा गए हुए थे। इस दौरान घर में किसी के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

परिवार जब मंगलवार सुबह वापस घर पहुंचा तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर घर में रखी करीब 10 लाख रुपये की नकदी गायब मिली। इसके अलावा एक विदेशी मदिरा की बोतल चोरी होने की जानकारी भी सामने आई है।

रिहायशी कॉलोनी में लाखों की चोरी से चिंता
रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी रकम की चोरी की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोरी किस समय हुई और वारदात में कितने लोग शामिल थे।

CCTV फुटेज से मिल सकता है सुराग
घटना की सूचना के बाद कोतरा रोड पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर सकती है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि चोरों ने मकान में किस रास्ते से प्रवेश किया और किस तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस द्वारा घर से चोरी हुए अन्य सामान की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल करीब 10 लाख रुपये नकद और विदेशी शराब की बोतल चोरी होने की जानकारी सामने आई है। चोरी की वास्तविक रकम और अन्य सामान के संबंध में पुलिस जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

खबर शेयर करें: