जशपुर में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 गौवंश मुक्त; एक आरोपी गिरफ्तार
जशपुर में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 गौवंश मुक्त; एक आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जशपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 17 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इनमें से एक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे मामले में तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पैदल हांककर ले जाए जा रहे थे 8 गौवंश
पहली कार्रवाई सिटी कोतवाली जशपुर थाना क्षेत्र में 23 सितंबर को की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम छोटा बनई के जंगल के रास्ते एक व्यक्ति गौवंशों को पैदल हांककर ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया।
मौके से पकड़े गए संदिग्ध की पहचान अजय नगेशिया (36 वर्ष), निवासी कुंडिग महुआ टोली, थाना लोदाम के रूप में हुई। पुलिस द्वारा गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरे थे 9 गौवंश
दूसरी कार्रवाई थाना लोदाम क्षेत्र में 23 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक JH-05-DD-7297 में गौवंशों को भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है।
पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को जामटोली की ओर भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो जंगल के पास चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें ठूंस-ठूंसकर 9 गौवंश भरे मिले। इनमें 2 गौवंश मृत पाए गए। बरामद गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दोनों मामलों में अपराध दर्ज
दोनों मामलों में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी के विरुद्ध “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में कुल 17 गौवंश मुक्त कराए गए हैं, एक आरोपी को जेल भेजा गया है और दूसरे मामले में पिकअप जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।