मानिकपुर खदान में बड़ा हादसा, कैंप के तीन ट्रांसफार्मरों में लगी भीषण आग, कोयला सप्लाई प्रभावित

छत्तीसगढ़ October 28, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
मानिकपुर खदान में बड़ा हादसा, कैंप के तीन ट्रांसफार्मरों में लगी भीषण आग, कोयला सप्लाई प्रभावित

मानिकपुर खदान में बड़ा हादसा, कैंप के तीन ट्रांसफार्मरों में लगी भीषण आग, कोयला सप्लाई प्रभावित

 कोरबा। कोरबा जिले के एसईसीएल मानिकपुर खदान क्षेत्र में संचालित एससीसी कंपनी के कैंप में आज बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। कैंप परिसर में लगे तीन ट्रांसफार्मरों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें ऊंची उठने लगीं और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगे। आग के साथ उठ रहे काले धुएं को देखकर कैंप में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि आग लगते ही कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां काम कर रहे कर्मचारी और अधिकारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई कर्मचारी नहीं आया, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।

आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल वाहन और एसईसीएल की दमकल वाहन मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका जा सका। वहीं सूचना मिलते ही एससीसी और एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रांसफार्मर में आग किन परिस्थितियों में और कैसे लगी। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ओवरलोड या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जानकारी के अनुसार इन्हीं ट्रांसफार्मरों से क्रेशर को विद्युत आपूर्ति होती है, जिसके माध्यम से कोयला कटिंग और सप्लाई का कार्य होता है। आग लगने के बाद विद्युत प्रवाह पूरी तरह बंद हो गया, जिससे कैंप का पूरा काम ठप हो गया और कोयला सप्लाई भी प्रभावित हुई है।

इस हादसे ने कैंप में बड़ी लापरवाही को भी उजागर किया है। आग लगने के बाद मौके पर फायर सेफ्टी उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कर्मचारी आग पर काबू नहीं पा सके। यदि समय रहते दमकल वाहन नहीं पहुंचती और ट्रांसफार्मर ब्लास्ट हो जाता तो बड़ी घटना घट सकती थी।

घटना की सूचना मानिकपुर चौकी पुलिस को भी दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने कंपनी प्रबंधन से आग लगने के कारणों को लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

खबर शेयर करें: