रायगढ़ में बड़ी चोरी से सनसनी, ‘श्री ओम हाइट्स’ में सूने फ्लैट का ताला तोड़कर ₹15 लाख के जेवर पार, फॉरेंसिक और पुलिस टीम मौके पर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

रायगढ़। रायगढ़ शहर के पॉश इलाकों में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे दिनदहाड़े बड़ी वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं कतरा रहे हैं। शहर के रायगढ़ स्टेडियम के पीछे स्थित ‘श्री ओम हाइट्स’ अपार्टमेंट से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ एक सूने फ्लैट का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 15 तोला सोना, भारी मात्रा में चांदी के जेवरात और ₹15,000 नगद कैश पर हाथ साफ कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, श्री ओम हाइट्स निवासी पीड़ित राकेश श्रीवास्तव का परिवार किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था। शनिवार की सुबह करीब 9:00 बजे पड़ोस में रहने वाली पीड़ित की सगी बहन ने बालकनी से देखा कि भाई के फ्लैट की खिड़की का पर्दा असामान्य रूप से बाहर की ओर निकला हुआ है। शक होने पर उन्होंने अपनी घरेलू नौकरानी को पर्दा ठीक करने के लिए भेजा। जैसे ही नौकरानी फ्लैट के भीतर दाखिल हुई, अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। घर के कमरों और अलमारी के ताले टूटे हुए थे।
बहन जब तुरंत घर के अंदर पहुंची, तो देखा कि जो कमरा हमेशा बंद रहता था, चोरों ने उसका भी दरवाजा तोड़ दिया था। वार्डरोब का लॉक टूटा हुआ था और उसमें रखे करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब थे। दिलचस्प बात यह है कि घर का बाकी सामान पूरी तरह व्यवस्थित मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को कीमती सामान की सटीक जानकारी थी और उन्होंने सीधे जेवरातों को ही निशाना बनाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक की संयुक्त टीम ने मौका-ए-वारदात का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि शातिर चोरों का सुराग लगाया जा सके।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






