सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 103 किलो गांजा जब्त, 8 आरोपी गिरफ्तार, गांजा सहित 89 लाख 75 हजार रुपए का सामान जप्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 103 किलो गांजा जब्त, 8 आरोपी गिरफ्तार, गांजा सहित 89 लाख 75 हजार रुपए का सामान जप्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने 30 सितंबर को दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। दोनों मामलों में कुल 103.11 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी के फरार होने की जानकारी दी गई है। जब्त गांजे समेत वाहनों और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 89.75 लाख रुपए बताई गई है।
बेलादुला में आयशर वाहन से 39.76 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई चौकी बेलादुला, थाना सरसीवा क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि नारंगी-लाल रंग के आयशर वाहन क्रमांक MH 04 NB 2816 से गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और एएनटीएफ टीम ने तेंदूदरहा के पास घेराबंदी की।
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे रखी लोहे की अलमारी के अंदर भूरे टेप में लिपटे 35 पैकेट गांजा मिले। इनका कुल वजन 39.76 किलोग्राम और कीमत करीब 19.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने मामले में अनुज कुमार गौतम (31), निवासी जौनपुर और टिंकू वर्मा (25), निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में गांजे के अलावा करीब 20 लाख रुपए का आयशर वाहन, 10 टन लोहे की चद्दर जिसकी कीमत करीब 5.50 लाख रुपए और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। कुल जब्ती करीब 45.20 लाख रुपए की बताई गई है।
भटगांव में कारों के जरिए हो रही थी पायलटिंग
दूसरी कार्रवाई थाना भटगांव क्षेत्र में हुई। पुलिस द्वारा एमसीपी लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान सारंगढ़ की ओर से भटगांव आ रही ऑल्टो कार UP 95 W 5149 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा।
इसी दौरान पीछे से आ रही FRONX कार UP 32 A 4445 के चालक ने भी तेज रफ्तार में स्टॉपर को टक्कर मारकर वाहन भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने जांजगीर पुलिस से समन्वय कर गिरवानी पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर FRONX को रोक लिया।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से चार प्लास्टिक बोरियों में 63.350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक ऑल्टो कार में सवार लोग पायलटिंग कर रहे थे।
इस मामले में पुलिस ने सुनील बेलदार, अरविंद कुमार ठाकुर, सुरेंद्र यादव, सागर सिंह और मेहताब अहमद, सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले, को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में 31.50 लाख रुपए कीमत का गांजा, करीब 11 लाख रुपए की FRONX कार, करीब 2 लाख रुपए की ऑल्टो कार और सात मोबाइल फोन जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत करीब 44.55 लाख रुपए बताई गई है।
उड़ीसा से उत्तर प्रदेश तक फैला था तस्करी का रास्ता
पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में सामने आया कि गांजा उड़ीसा से लाकर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कुल 103.11 किलो गांजा जब्त कर अंतर्राज्यीय तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। मामले में फरार आरोपी की तलाश और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।