Raigarh News: कोतरारोड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 395 लीटर महुआ शराब जब्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 17 अगस्त 2026। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम धनागर, कुरमापाली और कलमी में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 395 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई करते हुए रिमांड पर भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया।
धनागर में 100 लीटर शराब बरामद
पुलिस को ग्राम धनागर निवासी कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल द्वारा घर के आंगन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री करने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और तलाशी के दौरान प्लास्टिक डिब्बों एवं जरिकेन में रखी 100 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है, बरामद की।
कुरमापाली में 20 लीटर शराब जब्त
दूसरी कार्रवाई ग्राम कुरमापाली में की गई। पुलिस ने शिव रजवार के कब्जे से प्लास्टिक जरिकेन और पन्नी में रखी 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 2 हजार रुपये बताई गई है।
कलमी में पिता-पुत्र से 140 लीटर शराब बरामद
ग्राम कलमी में पुलिस ने तरुण सतनामी और लक्ष्मी प्रसाद सतनामी को अवैध शराब के मामले में पकड़ा। तलाशी के दौरान तरुण के कब्जे से 50 लीटर और लक्ष्मी प्रसाद के कब्जे से 90 लीटर, कुल 140 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये है।
दो अन्य आरोपियों से 135 लीटर शराब जब्त
इसी गांव में पुलिस ने अमन सतनामी और तोषराम जोल्हे के कब्जे से क्रमशः 85 लीटर और 50 लीटर, कुल 135 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 13,500 रुपये बताई गई है।
53,500 रुपये की शराब और उपकरण जब्त
चारों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 395 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 53,500 रुपये है, जब्त की। इसके साथ ही शराब बनाने और रखने में इस्तेमाल गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन, प्लास्टिक डिब्बे, जरिकेन और बाल्टी समेत अन्य सामग्री भी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी
कन्हैया लाल सारथी उर्फ सुकलाल, 48 वर्ष, ग्राम धनागर
शिव रजवार, ग्राम कुरमापाली
तरुण सतनामी, 19 वर्ष, ग्राम कलमी
लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, 37 वर्ष, ग्राम कलमी
अमन सतनामी, 22 वर्ष, ग्राम कलमी
तोषराम जोल्हे, 28 वर्ष, मिट्ठुमुड़ा, दुर्गा चौक, थाना जूटमिल, रायगढ़
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार से अपराध को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक रवि किशोर साय, आरक्षक मनोज कुमार यादव, बंशी रात्रे, शैलेन्द्र पैंकरा, चूड़ामणि गुप्ता, विनोद लकड़ा, राजेश खंडे एवं महिला आरक्षक कस्तुरी राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।