रायगढ़

Raigarh News: घरघोड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन; रेलवे के ओएचई और तांबा तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, आरोपियों की गिरफ्तारी से तांबा तार चोरी के 3 और बैंक के बाहर उठाईगिरी के 1 बड़े मामले का खुलासा

 “अपराधियों की गिरफ्तारी करने वाली घरघोड़ा पुलिस टीम का कार्य सराहनीय है, रेलवे एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।” — एसएसपी शशि मोहन सिंह

 रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर थाना घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन के ओएचई एवं तांबा तार चोरी तथा उठाईगिरी करने वाले चार बदमाशों के सक्रिय गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना घरघोड़ा क्षेत्र में दर्ज रेलवे तांबा तार चोरी के तीन प्रकरणों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी के एक प्रकरण का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 178 मीटर रेलवे तांबा तार तथा 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

  पहली घटना : रेलवे ओएचई एवं तांबा तार चोरी

22 फरवरी 2026 को प्रार्थी उमेश जोल्हे निवासी टेरम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 फरवरी की रात ग्राम कारीछापर स्थित रेलवे लाइन के पास से अज्ञात चोर रेलवे के ओएचई एवं तांबा तार चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 41 हजार रुपये बताई गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 60/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

  दूसरी घटना : मोटरसाइकिल की डिक्की से 40 हजार रुपये की उठाईगिरी

8 अप्रैल 2026 को साधराम राठिया निवासी कंचनपुर सलिहाभांठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक घरघोड़ा से 40 हजार रुपये निकालने के बाद उसने रकम मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दी थी। कन्या शाला हाई स्कूल के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर खाद खरीदने गया और वापस लौटने पर डिक्की खुली मिली तथा नकदी गायब थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 124/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।



















  तीसरी घटना : रेलवे साइडिंग से 85 हजार रुपये का तांबा तार चोरी

13 मई 2026 को भानु प्रसाद पैंकरा निवासी चारभांठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 मई की रात घरघोड़ा रेलवे साइडिंग में खंभा क्रमांक जी-8/09 से जी-5/15 एवं जी-6/01 के मध्य रेलवे तांबा तार चोरी कर लिया गया था। चोरी गए तार की कीमत लगभग 85 हजार रुपये थी। मामले में अपराध क्रमांक 161/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई थी।

 चौथी घटना : छाल-घरघोड़ा रेलवे लाइन से तांबा तार एवं सामग्री चोरी

18 जून 2026 को टोपलाल अगरिया निवासी भेंगारी ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 जून की रात छाल-घरघोड़ा रेलवे लाइन के खंभा क्रमांक 27/27 से 27/29 के मध्य रेलवे तांबा तार एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 40 हजार रुपये थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 198/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

  ऐसे पकड़ा गया गिरोह

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा सक्रिय मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने पर आज ढोरम बायपास में घेराबंदी कर संदेही मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने रेलवे तांबा तार चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

  जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का तांबा तार

आरोपियों की निशानदेही पर मुस्कुरा जंगल से लखन राठिया के कब्जे से 72 मीटर तांबा तार कीमती 56,160 रुपये, मनोज धनवार के कब्जे से 40 मीटर तांबा तार कीमती 31,200 रुपये तथा शशिभूषण दास बैरागी के कब्जे से 66 मीटर तांबा तार कीमती 51,480 रुपये बरामद किया गया। आरोपी अजय धनवार के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद जब्त किए गए।

  चोरी का माल खपाया

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेलवे लाइन से चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामान को घूम-घूमकर खरीदने वाले फेरी कबाड़ियों को बेच देते थे। घरघोड़ा में हुई उठाईगिरी की घटना को भी आरोपियों ने स्वीकार किया। चोरी और उठाईगिरी से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर शराब एवं अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। कुछ चोरी का माल मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

  एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश-

“रेलवे संपत्ति की चोरी केवल आर्थिक अपराध नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर अपराध है। ऐसे अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। आमजन किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी अथवा उठाईगिरी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।”

  इनकी रही सराहनीय भूमिका

मामले का सफल खुलासा करने वाली थाना घरघोड़ा पुलिस टीम के निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक तथा आरक्षक हरिश पटेल और उद्योराम पटेल की अहम भूमिका रही है।

गिरफ्तार आरोपी :-
1. मनोज धनवार पिता टीके बाबू धनवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा।
2. शशिभूषण दास बैरागी पिता धरम दास बैरागी, उम्र 28 वर्ष, निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा।
3. अजय धनवार पिता भीम धनवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा।
4. लखन राठिया पिता बाबूलाल राठिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी रेंगालबहरी, थाना घरघोड़ा।

जप्ती :- उपरोक्त चार प्रकरणों में (कुल 2 लाख 06 हजार चोरी) बरामद*- रेलवे तांबा तार 178 मीटर और नकद रकम 3,000 रुपये कुल-1,41,840 रूपये



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button