Chhattisgarh: 20 साल पुराने रिश्वत कांड में ACB की बड़ी कार्रवाई, दो तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश
Chhattisgarh: 20 साल पुराने रिश्वत कांड में ACB की बड़ी कार्रवाई, दो तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में करीब दो दशक पुराने रिश्वतखोरी के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। साल 2006 में सामने आए इस मामले में विभाग ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के दो तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ विशेष न्यायालय में चालान पेश किया है। आरोप है कि विद्युतीकरण के कार्यों का ले-आउट जारी करने और लंबित बिलों का भुगतान कराने के एवज में ठेकेदार से 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।छत्तीसगढ़ समाचार
इस मामले में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा और तत्कालीन एसडीओ मुजीब मोहम्मद शाह को आरोपी बनाया गया है। ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम लेने के बाद एसडीओ कार से भागने लगा था। आरोप है कि उसने ACB टीम के सदस्यों को वाहन से टक्कर मारने की कोशिश भी की थी, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया था।
विद्युतीकरण के काम के बदले मांगी थी रिश्वत
मामला ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग से जुड़ा है। शिकायतकर्ता हेमेश कुमार गांधी को विभाग की ओर से आश्रम भवन, उप स्वास्थ्य केंद्र और बालक छात्रावास में विद्युतीकरण का काम सौंपा गया था। इन कार्यों का ले-आउट देने और अटके हुए बिलों का भुगतान कराने के लिए तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा ने कथित तौर पर 5 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने 8 दिसंबर 2006 को इसकी शिकायत ACB से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एजेंसी ने 14 दिसंबर को रिश्वत लेते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
रिश्वत लेकर कार से भागने लगा था SDO
ACB की कार्रवाई के दौरान तत्कालीन कार्यपालन अभियंता के कहने पर एसडीओ मुजीब मोहम्मद शाह ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद वह कार लेकर मौके से भागने लगा। ACB टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि उसने कार से टीम के सदस्यों को टक्कर मारने की कोशिश की। इस घटना में एक अधिकारी घायल हो गया। भागने के दौरान आरोपी ने ग्राम बोलबोला के पास रिश्वत की रकम फेंक दी थी। हालांकि, ACB टीम ने पीछा कर पूरी रकम बरामद कर ली। इसके बाद तत्कालीन कार्यपालन अभियंता राकेश कुमार शर्मा के सरकारी आवास की तलाशी ली गई, जहां से 6 लाख 30 हजार 200 रुपये नकद मिले। एजेंसी ने इस रकम को भी जब्त किया था।
रिकॉर्डिंग और FSL रिपोर्ट से मिले अहम साक्ष्य
मामले की जांच के दौरान ACB ने रिश्वत की मांग और लेन-देन से संबंधित रिकॉर्डिंग, गवाहों के बयान और जरूरी दस्तावेज जुटाए। जब्त की गई रकम की जांच के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट को भी साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया। जांच में FSL रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत चालान पेश
ACB ने जांच में दोनों अधिकारियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7, 13(1)(डी) और 13(2) के साथ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 201 और 34 के तहत विशेष न्यायालय, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, कोंडागांव में चालान पेश किया है। अब मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया के तहत सुनवाई होगी।
