पेड़ के नीचे खड़े थे 4 लोग, अचानक आसमान से गिरी मौत… पलक झपकते ही उजड़ गईं तीन जिंदगियां

छत्तीसगढ़ June 30, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
पेड़ के नीचे खड़े थे 4 लोग, अचानक आसमान से गिरी मौत… पलक झपकते ही उजड़ गईं तीन जिंदगियां

पेड़ के नीचे खड़े थे 4 लोग, अचानक आसमान से गिरी मौत… पलक झपकते ही उजड़ गईं तीन जिंदगियां

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सोमवार शाम आकाशीय बिजली ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही सेकंड में तीन लोगों की जान चली गई। आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े दो मासूम बच्चों और मवेशी चरा रहे एक युवक पर अचानक बिजली गिर गई। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

यह हादसा धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, सागर (5) और रानी (9) आम बीनने के लिए पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान बैल चरा रहे राम साय (36) भी वहां पहुंच गए। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों आ गए।

हादसे में सागर, रानी और राम साय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सागर की 12 वर्षीय बड़ी बहन श्रद्धा गंभीर रूप से झुलस गई। घायल बच्ची का उपचार जारी है।

इधर, रायगढ़ जिले में भी सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक पूरे छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। इसके साथ ही कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है। ऐसे में लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

खबर शेयर करें: