CG News: रेल सुरंग में ट्रैक पर टहलता दिखा तेंदुआ, कर्मचारियों में दहशत का माहौल, लोको पायलट ने बनाया वीडियो
CG News: रेल सुरंग में ट्रैक पर टहलता दिखा तेंदुआ, कर्मचारियों में दहशत का माहौल, लोको पायलट ने बनाया वीडियो
गौरेला पेंड्रा मरवाही: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत बिलासपुर कटनी रेलमार्ग में भनवारटंक के पास रेल टर्मिनल क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई दिया है. तेंदुए के रेलवे ट्रैक और सुरंग के भीतर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में तेंदुआ रेलवे ट्रैक के बीच से सुरंग के भीतर जाता हुआ दिखाई दे रहा है. वन क्षेत्र से सटे रेलमार्ग पर तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद रेल कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भी चर्चा का माहौल है.
भनवारटंक के पास रेल टर्मिनल में तेंदुआ
रेलवे के एक कर्मचारी की नजर सुरंग के भीतर घूम रहे तेंदुए पर पड़ी. कर्मचारी ने इसकी जानकारी अन्य रेल कर्मचारियों को दी. इसी दौरान रेल चालक ने तेंदुए का वीडियो बनाया. वीडियो में तेंदुआ रेलवे ट्रैक के बीच चलते हुए दिखाई दे रहा है. कुछ दूरी तक तेंदुआ ट्रैक पर चलता रहा और फिर सुरंग की ओर बढ़ता नजर आया. वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
भनवारटंक में अक्सर दिखते हैं वन्य जीव
भनवारटंक क्षेत्र घने जंगल और पहाड़ी के साथ अचानकमार टाइगर रिजर्व से जुड़ा हुआ है. यहां का वन क्षेत्र वन्यजीवों के लिए अनुकूल माना जाता है और जंगल के बीच से होकर रेलवे लाइन गुजरती है. इस कारण वन्यजीवों की आवाजाही कई बार रेलवे ट्रैक के आसपास देखने को मिलती है. विशेष रूप से भनवारटंक और आसपास के जंगलों में बाघ, तेंदुआ भालू सहित अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी की जानकारी पहले भी सामने आती रही है.
रेलवे ट्रैक पर तेंदुए के दिखाई देने से एक बार फिर वन्यजीवों और रेल परिचालन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं. जंगल क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेनों के चालकों को वन्यजीवों की संभावित आवाजाही को लेकर सतर्क रहना पड़ता है. वहीं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी ऐसे क्षेत्रों में निगरानी जरूरी है.