रायगढ़ की रहने वाली लॉ स्टूडेंट ने बिलासपुर में लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ April 15, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़ की रहने वाली लॉ स्टूडेंट ने बिलासपुर में लगाई फांसी

रायगढ़ की रहने वाली लॉ स्टूडेंट ने बिलासपुर में लगाई फांसी

बिलासपुर। बिलासपुर/रायगढ़। पिता की डांट और शादी के दबाव के चलते रायगढ़ निवासी लॉ स्टूडेंट दृष्टि गुप्ता (20) ने बिलासपुर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 14 अप्रैल की सुबह रिवर व्यू कॉलोनी की है। पुलिस ने गुस्से में उठाए गए इस कदम की आशंका जताई है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पिता ने उसे पढ़ाई करने को लेकर फटकार लगाई थी। परिजन शादी को लेकर दबाव भी बना रहे थे। छात्रा काफी गुस्से वाले स्वभाव की थी। पुलिस को शक है कि इसी के चलते उसने आत्महत्या की है। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है।

दृष्टि गुप्ता (20) रायगढ़ की रहने वाली है। बिलासपुर के कोनी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में पिछले 2 साल से किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सोमवार (13 अप्रैल) को कॉलेज से लौटने के बाद उसकी परिजनों से बात हुई थी। जिसके बाद दोस्तों के साथ घूमने चली गई। रात भर छात्रा अपने दोस्तों के साथ थी।

मंगलवार (14 अप्रैल) को सुबह घर लौटी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसके पिता संजय गुप्ता से फोन बात हुई थी। उन्होंने पढ़ाई को लेकर दृष्टि को फटकार लगाई। छात्रा अपने कमरे का दरवाजा बंद कर ली, उसके बाद दरवाजा नहीं खुला। बाद में आसपास की छात्राओं ने उसे आवाज दी। लेकिन, अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिला।

पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा, पंखे पर लटकी मिली
इसके बाद छात्राओं ने घटना की जानकारी रूम ऑनर को दी। साथ ही इस घटना की सूचना कोनी थाने में दी। पुलिस ने किसी तरह दरवाजा खोला। इस दौरान अंदर कमरे में दृष्टि की लाश पंखे में फांसी के फंदे पर लटक रही थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही इस घटना की जानकारी उसके परिजन को दी। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

शादी को लेकर दबाव बना रहे थे परिजन
शव का पंचनामा कार्रवाई के दौरान उसके साथ पढ़ने वाले छात्र मौजूद थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि, उसके परिजन शादी को लेकर दबाव बना रहे थे। दृष्टि शादी करने से मना कर रही थी। एक छात्र ने बताया कि दृष्टि रात में दोस्त के साथ थी और सुबह घर लौटी थी, जिसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।

पढ़ाई की बात पर पिता ने लगाई थी फटकार
इस मामले में कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोसले ने बताया कि, घटना की जानकारी उसके परिजन को दी गई है। इस दौरान पूछताछ में परिजनों ने बताया कि दृष्टि गुस्से वाले स्वभाव की थी। उसके पिता ने पढ़ाई की बात पर उसे फटकार भी लगाई थी। माना जा रहा है कि उसने गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली।

खबर शेयर करें: